थाना शहर पलवल पुलिस ने गोविंद हत्याकांड में किशोर आरोपी को भी लिया अभिरक्षा में।
मुख्य आरोपी अमित उर्फ बाबू रिमांड अवधि पूरी होने के बाद भेजा गया जेल, किशोर आरोपी को भेजा गया बाल सुधार गृह।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक पलवल श्री नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस लगातार अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना शहर पलवल पुलिस ने गोविंद हत्याकांड में एक किशोर आरोपी को भी अभिरक्षा में लेने में सफलता हासिल की है। इससे पूर्व क्राइम ब्रांच पलवल और थाना शहर पलवल की संयुक्त टीम ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी चंद घंटों में सुलझाते हुए मुख्य आरोपी अमित उर्फ बाबू को गिरफ्तार किया था।
थाना शहर प्रभारी पी/एसआई अमित कुमार ने बताया कि 26 जून 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि गांव पातली-आल्हापुर के गंदे नाले के पास, सेक्टर-6 स्थित खाली जंगल में एक युवक का गला-सड़ा शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल से मृतक की मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट (HR-30 AC-3157) तथा एक पहचान पत्र बरामद किया, जिसके आधार पर मृतक की पहचान गोविंद पुत्र रमेश, निवासी बांस मोहल्ला, पलवल के रूप में हुई। गोविंद 24 जून 2026 से लापता था। मृतक के भाई कमल की शिकायत पर थाना शहर पलवल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच पलवल और थाना शहर पलवल की संयुक्त टीम ने 27 जून 2026 को मुख्य आरोपी अमित उर्फ बाबू को हथीन रोड से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला और मृतक के बीच पहले से प्रेम संबंध होने की जानकारी तथा पैसों के लेनदेन के विवाद के चलते इस हत्या की साजिश रची गई थी।
मुख्य आरोपी को न्यायालय से एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। रिमांड के दौरान पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया तथा वारदात में शामिल एक किशोर आरोपी को भी अभिरक्षा में लिया। उसकी निशानदेही पर मृतक की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
रिमांड अवधि पूरी होने के बाद मुख्य आरोपी अमित उर्फ बाबू को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि किशोर आरोपी को नियमानुसार बाल सुधार गृह भेजा गया है। मामले में पुलिस प्रत्येक पहलू से गहन जांच कर रही है तथा वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
Palwal, Palwal | Jun 29, 2026