पलवल पुलिस की बड़ी कामयाबी: क्राइम ब्रांच और थाना शहर पलवल के संयुक्त अभियान में ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
प्रेम प्रसंग और पैसों के लेनदेन के विवाद में की गई थी युवक की हत्या, आरोपी पुलिस रिमांड पर।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक पलवल श्री नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच पलवल और थाना शहर पलवल की संयुक्त टीम ने एक ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी चंद घंटों में सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना शहर प्रभारी पी/एसआई अमित कुमार ने बताया कि 26 जून 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि गांव पातली-आल्हापुर के गंदे नाले के पास, सेक्टर-6 स्थित खाली जंगल में एक युवक का गला-सड़ा शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना शहर पुलिस, भवन कुंड चौकी, सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची।
घटनास्थल से मृतक की मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट (HR-30 AC-3157) तथा एक पहचान पत्र बरामद हुआ, जिसके आधार पर मृतक की पहचान गोविंद पुत्र रमेश, निवासी बांस मोहल्ला, पलवल के रूप में हुई। गोविंद 24 जून 2026 से लापता था। मृतक के भाई कमल की शिकायत पर थाना शहर पलवल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच पलवल और पुलिस चौकी भवन कुंड के संयुक्त अभियान में मुख्य आरोपी अमित उर्फ बाबू को 27 जून 2026 को हथीन रोड से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
हत्या का कारण
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक का आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला से प्रेम प्रसंग था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। साथ ही पैसों के लेनदेन को लेकर भी तनाव था। वारदात वाले दिन आरोपी मृतक को सेक्टर-6 के जंगल में ले गए, जहां पहले साथ बैठकर शराब पी और बाद में ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
एक दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने आरोपी को 28 जून 2026 को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान वारदात में प्रयुक्त अन्य सामान, मृतक का मोबाइल फोन, बैग तथा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है और वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Palwal, Palwal | Jun 29, 2026