मुरैना में हर्षोल्लास से मनाया गया मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस, कृषि क्विज विजेताओं को मिले ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी
कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना बोले- पिछले 25 वर्षों में प्रदेश ने विकास और तरक्की के नए आयाम स्थापित किए, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मुरैना। मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस रविवार को मुरैना में हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह में प्रदेश के कृषि कल्याण एवं विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में मध्यप्रदेश ने विकास और तरक्की के नए आयाम स्थापित किए हैं। कृषि, सड़क, सिंचाई, पेयजल, रोजगार और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और मध्यप्रदेश गान के साथ हुआ। कृषि मंत्री ने कहा कि आज का मध्यप्रदेश पहले के मुकाबले काफी बदल चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव तक सड़क पहुंची है। जल जीवन मिशन के तहत घरों तक पेयजल पहुंचने से महिलाओं का जीवन आसान हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले ग्वालियर-चंबल क्षेत्र को बागियों के नाम से पहचाना जाता था, लेकिन आज यह क्षेत्र कृषि की उन्नति और विकास के लिए अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश में कृषि का रकबा बढ़ा है और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों तथा शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं। किसान खुशहाल होगा तो देश खुशहाल होगा।
कृषि मंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए नागरिकों से प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कृषि क्विज के विजेताओं को मिले ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी
समारोह में किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित कृषि क्विज 2026 के मुरैना जिले के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने चयनित हितग्राहियों को पुरस्कार वितरित किए।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के लिए सबलगढ़ तहसील के ग्राम सुनहरा रोड निवासी रामुजी धाकड़ और मान सिंह का चयन हुआ। उन्हें ट्रैक्टर के लिए 7 लाख 26 हजार रुपए की निर्धारित राशि मिलेगी।
द्वितीय पुरस्कार के लिए जौरा तहसील के ग्राम टुडीला दिपेहरा निवासी राजवीर और रामनरेश चयनित हुए, जिन्हें बुलेट मोटरसाइकिल के लिए 1 लाख 68 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं, तृतीय पुरस्कार के लिए ग्राम ब्रह्मापुरा खेरिया निवासी राजन सिंह और बारेलाल का चयन हुआ। उन्हें ई-स्कूटी के लिए 1 लाख 12 हजार 394 रुपए की पात्र राशि निर्धारित की गई है।
नियमानुसार पुरस्कार राशि का 80 प्रतिशत अग्रिम भुगतान हितग्राहियों के खातों में किया जाएगा। शेष 20 प्रतिशत राशि वाहन का पंजीयन, बीमा और भौतिक सत्यापन पूरा होने के बाद दी जाएगी।
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्थापना दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी आकर्षण बढ़ाया। श्रीमती अंकिता कैलासिया ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों में उत्साह का संचार किया। वहीं शासकीय नवीन हाई स्कूल मुरैना, महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जेएस पब्लिक स्कूल और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भाषण प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली बालिकाओं को कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने अपनी स्वेच्छा निधि से 10-10 हजार रुपए देने की घोषणा की। समारोह स्थल पर विभिन्न शासकीय योजनाओं के स्टॉल भी लगाए गए, जिनका मंत्री ने अवलोकन किया।
इस अवसर पर सबलगढ़ विधायक सरला रावत, महापौर शारदा सोलंकी, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, पूर्व मंत्री गिर्राज डंडोतिया, पूर्व विधायक राकेश मावई, रघुराज कंषाना, कमलेश जाटव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के माध्यम से प्रदेश की गौरवशाली परंपरा, विकास और समृद्धि को आगे बढ़ाने तथा जनभागीदारी के साथ मध्यप्रदेश को निरंतर प्रगति के पथ पर ले जाने का संदेश दिया गया।