प्रस्फुटन समितियों का क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण संपन्न
दस्तावेजीकरण, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और सामाजिक सरोकारों पर हुआ मंथन, ग्रामीण विकास में सक्रिय भागीदारी का लिया संकल्प
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन) विकासखंड मुरैना के माता बसैया सेक्टर क्रमांक-04 अंतर्गत नवांकुर संस्था मुरैना यूथ अकादमी द्वारा ग्राम पंचायत अजनौधा के पंचायत भवन में प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सेक्टर क्रमांक-04 के अंतर्गत आने वाली विभिन्न ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं नवांकुर सखी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक अनिल मोदी, नवांकुर संस्था मुरैना यूथ अकादमी के प्रतिनिधि संदीप सेंगर, मेंटर श्रीमती सायरा जैन तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के जिला समन्वयक एवं प्रशिक्षक सभाराम सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
चार सत्रों में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान प्रस्फुटन समितियों के संगठनात्मक एवं वैधानिक दस्तावेजों के संधारण, पंजीयन प्रक्रिया, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव तथा कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समितियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ उन्हें अधिक संगठित, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना रहा। विभिन्न तकनीकी सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को बताया गया कि संस्था के नियमित कार्यों, बैठकों, गतिविधियों एवं सामाजिक अभियानों का उचित दस्तावेजीकरण किस प्रकार किया जाना चाहिए।
नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि श्री संदीप सेंगर ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम छोर के पात्र हितग्राही तक पहुंचाने में प्रस्फुटन समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समितियां ग्रामीणों और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर सकती हैं। इसके लिए प्रभावी संवाद कौशल, नियमित जनसंपर्क, सामुदायिक सहभागिता तथा योजनाओं की सही जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने समितियों को एक सशक्त स्वयंसेवी संगठन के रूप में विकसित करने, संगठनात्मक क्षमता बढ़ाने और सामाजिक गतिविधियों को निरंतर संचालित करने के तौर-तरीकों की जानकारी भी दी।
प्रशिक्षक श्री सभाराम सिंह ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देते हुए नशामुक्त समाज निर्माण, बाल विवाह की रोकथाम, कुपोषण उन्मूलन, स्वच्छता प्रबंधन एवं ग्रामीण स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। प्रस्फुटन समितियां गांवों में जनजागरूकता गतिविधियां संचालित कर इन समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक अनिल मोदी ने कहा कि ग्रामीण विकास और जनजागरूकता ही प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर संस्थाओं का मूल उद्देश्य है। इन संस्थाओं की स्थापना ग्रामीण अंचलों में जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि नियमित बैठकों, छोटी-छोटी संगोष्ठियों और निरंतर जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने संस्थाओं की विश्वसनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण और प्रत्येक गतिविधि का उचित दस्तावेजीकरण अनिवार्य बताया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने-अपने ग्रामों में नशामुक्ति, बाल विवाह रोकथाम, कुपोषण उन्मूलन, स्वच्छता तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को प्रशिक्षण सहभागिता के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
प्रशिक्षण में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अजनौधा के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह एवं सचिव श्रीमती सीमा राजोरिया, ग्राम भटारी समिति के अध्यक्ष भगवती प्रसाद, कोषाध्यक्ष बेताल सिंह एवं सचिव श्रीमती भूरी देवी सहित नवांकुर सखी श्रीमती लीलावती, श्रीमती शीला देवी, श्रीमती अंगूरी देवी, श्रीमती पुष्पा तथा रामनिवास, रतन सिंह, रानू, हीरालाल शर्मा, रामजीलाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #Morena #morena2026 #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
Morena, Madhya Pradesh | Nov 1, 2026