संत कबीर नगर: नीलमणि की बड़ी पहल, धनघटा के अधिवक्ताओं को मिले 7 आधुनिक चेंबर
संत कबीर नगर। धनघटा तहसील में अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से चेंबर की कमी से परेशान अधिवक्ताओं के लिए तहसील परिसर में नवनिर्मित 7 आधुनिक अधिवक्ता चेंबर तैयार कराए गए हैं। इन चेंबरों का पूर्व सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने फीता काटकर उद्घाटन किया।
दरअसल, धनघटा विधानसभा में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए उचित चेंबर की व्यवस्था नहीं थी। अधिवक्ताओं को सर्दी, गर्मी और बरसात में खुले में बैठकर अपने कार्य करने पड़ते थे। बारिश के दौरान जहां कागजात सुरक्षित रखना चुनौती बन जाता था, वहीं गर्मी और ठंड में भी उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
अधिवक्ताओं की इस समस्या को धनघटा के हैसर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नीलमणि ने गंभीरता से लिया। उन्होंने तहसील में अधिवक्ताओं की परेशानी को देखते हुए आधुनिक लोहे के टीन शेड से तैयार 7 चेंबर उपलब्ध कराने का वादा किया था। अपने वादे को पूरा करते हुए नीलमणि ने ये चेंबर अधिवक्ताओं को सौंप दिए।
चेंबर मिलने के बाद अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है। उन्होंने नीलमणि की इस पहल को अधिवक्ताओं के हित में बड़ा और सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक जय चौबे समेत कई भाजपा नेता और अधिवक्ता मौजूद रहे। इस दौरान नीलमणि ने सहयोग के लिए सभी अतिथियों और भाजपा नेताओं का आभार जताया
नई व्यवस्था से
अधिवक्ताओं को अब सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में अपने कार्य करने में बड़ी राहत मिलेगी।