धनघटा तहसील के अधिवक्ताओं को मिली आधुनिक चैंबर की सौगात, जय चौबे ने की नीलमणि की सराहना
संत कबीर नगर। धनघटा तहसील में अधिवक्ताओं को आधुनिक चैंबर की सौगात मिलने पर अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलमणि की पहल से तैयार कराए गए इन चैंबरों का नाम देश के महान महापुरुषों के नाम पर रखा गया है।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पहुंचे दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने नगर पंचायत अध्यक्ष नीलमणि के कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए बनाए गए चैंबरों का नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान विभूतियों के नाम पर रखा गया है। ऐसे महापुरुषों के नाम पर चैंबर बनाना सराहनीय पहल है।
जय चौबे ने कहा कि अधिवक्ता लंबे समय से चैंबर की मांग को लेकर कई जगहों पर गए, लेकिन यह कार्य पूरा नहीं हो सका। नीलमणि ने अपनी अलग सोच और सकारात्मक विचार के साथ इस कार्य को पूरा कराया, जिससे अधिवक्ताओं को बड़ी सुविधा मिली है।
उन्होंने कहा कि नीलमणि द्वारा नगर क्षेत्र में किए जा रहे छोटे-बड़े विकास कार्य सराहनीय हैं। ऐसे जनप्रतिनिधियों की समाज को आवश्यकता है। उन्होंने इस पहल के लिए नीलमणि को धन्यवाद देते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के हित में किया गया यह कार्य लंबे समय तक याद रखा जाएगा।