देवास में छात्रों ने बनाई मानव श्रृंखला, नशामुक्ति का लिया संकल्प
'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान के तहत के.पी. कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
देवास | देवास में मध्यप्रदेश पुलिस के "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत सोमवार को थाना नाहर दरवाजा पुलिस ने के.पी. कॉलेज में नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
यह अभियान मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 15 से 30 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। देवास जिले में पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
देवास पुलिस ने आमजन, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि नशामुक्ति को केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी समझें और स्वस्थ, सुरक्षित एवं संस्कारित समाज के निर्माण में सहयोग करें।
#TIMESMP #Dewas #NashaMukti #DrugFreeIndia #MadhyaPradeshPolice #DewasPolice