थाने में सुरक्षा मांगने पहुंची महिला से थाना में दुष्कर्म ! वायरलेस ऑपरेटर गिरफ्तार; थाना प्रभारी समेत छह निलंबित
सरायकेला। जिस पुलिस के पास एक महिला अपनी सुरक्षा और सम्मान की गुहार लेकर पहुंची थी, उसी पुलिस थाने के भीतर दुष्कर्म किया गया है। पति की मारपीट के डर से घर छोड़कर थाने पहुंची महिला के साथ गम्हरिया थाना परिसर में दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया । मामले में थाने में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना प्रभारी समेत छह पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और थाने में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 29 अक्टूबर की रात की है। पीड़िता ने 30 अक्टूबर को पुलिस को लिखित आवेदन देकर बताया कि शाम करीब छह बजे पति के साथ कहासुनी हुई थी। उन्हें आशंका थी कि रात में पति उनके साथ मारपीट कर सकते हैं। इसी डर से वह घर से निकलकर पड़ोस में रहने वाली एक महिला के घर पहुंचीं। वहां उन्होंने अपने साथ संभावित अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।
इसके बाद गम्हरिया पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और महिला को रात करीब 12 बजे थाने लेकर आई। महिला ने सोचा था कि पुलिस की मौजूदगी में वह सुरक्षित रहेंगी, लेकिन आरोप है कि थाने में ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी ने उन्हें बगल के कमरे में आराम करने को कहा। महिला उसी कमरे में आराम कर रही थीं। इसी दौरान थाने में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा ने उनके साथ दुष्कर्म किया।
एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपी सहायक अवर निरीक्षक संख्या-410 नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी गम्हरिया थाने में वायरलेस ऑपरेटर के पद पर तैनात था। पुलिस ने उसके कमरे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।
निलंबित पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी संजय प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक अनिरुद्ध सिंह, मनोज साहू, आरक्षी संतोष राय, हवलदार मुनेश्वर कुमार और आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा शामिल हैं
Simdega, Simdega | Oct 31, 2026