एरिया डोमिनेशन' अभियान के तहत 100 से अधिक असामाजिक तत्व व वांछित आरोपी गिरफ्तार
डीडवाना। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में एक दिवसीय विशेष 'एरिया डोमिनेशन अभियान' चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस की टीमों ने पूरे जिले में ताबड़तोड़ दबिश देकर 100 से अधिक अपराधियों और बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए संपूर्ण जिले में यह कार्रवाई की गई। अभियान को सफल बनाने के लिए 211 पुलिस अधिकारियों और जवानों को शामिल कर 51 विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने जिले के 307 चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।वांछित एवं इनामी बदमाश धरे गए: पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 इनामी बदमाशों, जघन्य मामलों में वांछित 7 आरोपियों और सामान्य प्रकरणों में वांछित 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया।वारंटियों पर शिकंजा: वर्षों से फरार चल रहे 19 स्थाई वारंटियों और 22 गिरफ्तारी वारंटियों का निस्तारण करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।बदमाशों पर नकेल: क्षेत्र में शांति भंग करने और उपद्रव फैलाने की आशंका में 51 असामाजिक/बदमाश प्रवृत्ति के लोगों को धारा 126-170 BNSS के तहत पाबंद व गिरफ्तार किया गया। एनडीपीएस एक्ट मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चितावा, नावांशहर और गच्छीपुरा में 3 प्रकरण दर्ज किए गए।आबकारी अधिनियम: अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में डीडवाना, कुचामन, मकराना, पीलवा, बडू, जसवंतगढ़ और निम्बीजोधा में कुल 6 मामले दर्ज किए गए।आर्म्स एक्ट व आरपीजीओ: परबतसर में आर्म्स एक्ट का 1 मामला तथा कुचामनसिटी व नावांशहर में 13 आरपीजीओ एक्ट के तहत 3 मामले दर्ज किए गए।इसके अलावा आरएनसी एक्ट के 3 और जुआ अधिनियम के तहत 3 मामले दर्ज किए गए।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर कायम करने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी।