*पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव- 2026*
*जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
डीडवाना-कुचामन, 5 अक्टूबर। पंचायती राज संस्थाओं के आगामी आम चुनाव 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना की अध्यक्षता में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में चुनाव से जुड़े सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रकोष्ठवार चुनाव की तैयारियों व व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी प्रभारियों को समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के प्रशिक्षण, मतदान दलों के गठन, ईवीएम एवं मतपेटियों की उपलब्धता, मत पत्रों के मुद्रण, मतदान केंद्रो पर आवश्यक व्यवस्था, परिवहन व्यवस्था, ईवीएम रैंडमाइजेशन, मतदान सामग्री व स्टोर व्यवस्था सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा कर संबंधित प्रकोष्ठ प्रभारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने,मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने, चुनाव ड्यूटी में लगने वाले सभी कार्मिकों के उचित और चरणबद्ध प्रशिक्षण के लिए कार्ययोजना तैयार करने संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, चुनाव सामग्री और ईवीएम (EVM) के सुरक्षित भंडारण, परिवहन और वितरण को लेकर अभी से मजबूत व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने जिला स्तर पर शिकायतों और चुनाव संबंधी सूचनाओं का तुरंत निस्तारण करने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार सहित सभी प्रकोष्ठ प्रभारी उपस्थित रहे।
----000-----