*पंचायती राज आम चुनाव-2026*
*पंचायती राज आम चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली आरओ व एआरओ की बैठक*
*चुनाव कार्यों के सुचारू संचालन के लिए दिए आवश्यक निर्देश*
डीडवाना-कुचामन, 05 अक्टूबर । जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अवधेश मीना की अध्यक्षता में सोमवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय के सभागार में आगामी पंचायती राज आम चुनाव-2026 के संबंध में जिले के सभी रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ व एआरओ) के कार्यों एवं तैयारियों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी आरओ व एआरओ को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से निर्वहन किया जाए। निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
उन्होंने सभी रिटर्निंग अधिकारियों के साथ निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदाता सूचियों के अद्यतन एवं पुनरीक्षण, मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं, मतदान दलों के गठन एवं प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री, ईवीएम, कानून-व्यवस्था, परिवहन, कार्मिक व्यवस्था, मतदाता जागरूकता, सूचना प्रौद्योगिकी, नियंत्रण कक्ष तथा निर्वाचन संबंधी अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदान केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही मतदान प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में संबंधित रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप कार्य योजना तैयार कर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने तथा निर्वाचन संबंधी सूचनाओं एवं रिपोर्टों का नियमित संधारण करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार सहित जिले के सभी रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारी व अन्य संबंधित प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।