प्रेस विज्ञप्ति
09 सितंबर 2026
शीर्षक: विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत एनडीआरएफ टीम द्वारा गिद्धौर एवं झाझा के विद्यालयों में मॉक ड्रिल आयोजित।
जमुई: जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत 9वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम द्वारा गिद्धौर एवं झाझा प्रखंड के विद्यालयों में आपदा प्रबंधन एवं जोखिम न्यूनीकरण हेतु मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षण कर्मियों को विभिन्न प्राकृतिक तथा मानव जनित आपदाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना एवं उनकी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को विकसित करना है।
इस क्रम में गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत +2 अखिलेश्वर उच्च विद्यालय, रतनपुर तथा झाझा प्रखंड अंतर्गत +2 एम.जी.एस. उच्च विद्यालय, झाझा में एनडीआरएफ की टीम द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वज्रपात, डूबने की घटनाओं, लू (हीटवेव), भूकंप तथा अग्निकांड जैसी संभावित आपदाओं के समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार तथा बचाव तकनीकों का सजीव प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित किया गया।
एनडीआरएफ के विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए बताया गया कि किसी भी आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य, सजगता और सूझ-बूझ के साथ कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। उचित पूर्व तैयारी और समय पर की गई त्वरित कार्रवाई से न केवल आपदा के प्रभाव को कम किया जा सकता है, बल्कि बहुमूल्य मानव जीवन और संपत्ति की क्षति को भी न्यूनतम किया जा सकता है।
जिला प्रशासन द्वारा विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के माध्यम से जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा प्रबंधन के प्रति निरंतर जागरूक और सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आपातकालीन स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
28 views | Jamui, Bihar | Sep 9, 2026