प्रेस विज्ञप्ति
09 सितंबर 2026
जमुई: जिला पदाधिकारी जमुई के निर्देश के आलोक में जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने एवं सभी ग्राम पंचायतों में खेल क्लबों को सुचारू रूप से संचालन हेतु प्रखंड वार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज खैरा, सोनो एवं चकाई प्रखंडों में निर्धारित समय एवं स्थान पर विशेष बैठकों का सफल आयोजन संपन्न हुआ।
इन बैठकों में जिला खेल पदाधिकारी जमुई, श्री परिमल ने उपस्थित होकर सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों तथा पंचायत खेल क्लबों के अध्यक्षों, सचिवों एवं कोषाध्यक्षों को संबोधित किया। जिला खेल पदाधिकारी द्वारा खेल विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं खेल प्रोत्साहन नीतियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। साथ ही, आगामी जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता एवं 'मशाल' खेल प्रतियोगिता के सफल व सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पंचायतों में नवनिर्मित एवं उपलब्ध खेल मैदानों के समुचित उपयोग, रख-रखाव तथा उन्हें स्थानीय प्रतिभाओं के लिए पूर्णतः क्रियाशील बनाने पर विशेष बल दिया गया। जिला खेल पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जमुई के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण व अवसर प्रदान करना है, ताकि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें। जिला प्रशासन जिले में खेल संस्कृति को धरातल पर मजबूत करने और ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Jamui, Bihar | Sep 9, 2026