सहरसा के मंगवार और सत्तर पंचायत में विशेष ग्राम सभा का आयोजन; उप विकास आयुक्त एवं निदेशक, पंचायती राज ने की ग्रामीण विकास योजनाओं की गहन समीक्षा।
सहरसा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, आजीविका संवर्धन और सहभागी नियोजन को गति देने के उद्देश्य से आज 02 अक्टूबर को जिलें के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर आयोजित इन ग्राम सभाओं में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया।
सोनबर्षा प्रखंड के मंगवार ग्राम पंचायत में उप विकास आयुक्त का दौरा
प्रखंड सोनबरसा अंतर्गत ग्राम पंचायत मंगवार में आयोजित विशेष ग्राम सभा में उप विकास आयुक्त (DDC), सहरसा श्री गौरव कुमार (भाo प्रo सेo ) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत के माननीय मुखिया द्वारा की गई। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि सरकार की मंशा हर गाँव को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की है। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
सत्तर कटैया के सत्तर पंचायत पहुँचे निदेशक, पंचायती राज
वहीं दूसरी ओर, सत्तर कटैया प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सत्तर में आयोजित विशेष ग्राम सभा में निदेशक, पंचायती राज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और स्थानीय स्वशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया।
विशेष ग्राम सभा के दौरान इन मुख्य बिंदुओं पर हुई विस्तृत चर्चा:
ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) का निर्माण: ग्राम सभाओं में वित्तीय वर्ष के लिए सहभागी नियोजन पर विशेष चर्चा हुई। ग्रामीणों से सीधे फीडबैक लेकर गाँव की वास्तविक आवश्यकताओं (जैसे- नली-गली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता) की पहचान की गई और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास योजनाओं का खाका तैयार किया गया।
विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP): गाँव के उपलब्ध संसाधनों और स्थानीय कौशल का सही आकलन कर एक समावेशी और सतत विकास मॉडल तैयार करने पर विमर्श हुआ, जिससे पंचायत को एक आदर्श विकसित पंचायत के रूप में स्थापित किया जा सके।
रोजगार एवं आजीविका गारंटी (VB-G RAM G): ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसरों को बढ़ाने और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने के लिए मिशन के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
विशेष ग्राम सभा के दौरान विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के औपचारिक शुभारंभ के अवसर पर ‘रिफॉर्म उत्सव’ का आयोजन किया गया। अधिकारियों द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को मिशन के दूरगामी उद्देश्यों, प्रमुख कानूनी व प्रशासनिक प्रावधानों, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी रोजगार सृजन तथा आजीविका संवर्धन की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इन विशेष ग्राम सभाओं में संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (BPRO), विभिन्न तकनीकी विभागों के पदाधिकारी, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, जीविका दीदियाँ और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों से अपनी पंचायतों को पूरी तरह आत्मनिर्भर और विकसित बनाएंगे।
#CMSamrat
#samratchoudhary