कारगिल विजय दिवस :
अमर शहीद व पूर्व सैनिकों की स्मृति में लगाए 51 फलदार पौधे, दिया पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति का संदेश
स्व. यशपाल परमार ने जीवन का महत्वपूर्ण और अमूल्य हिस्सा देश रक्षा में किया समर्पित : निर्मला परमार
भिवानी, 26 जुलाई : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जहां पूरा देश अपने वीर जवानों के बलिदान और शौर्य को नमन कर रहा था, वहीं गांव रेवाड़ी खेड़ा में देशभक्ति, पति-भक्ति और पर्यावरण संरक्षण का एक अनूठा संगम देखने को मिला। भारतीय सेना में 16 राजपूत रेजीमेंट से सूबेदार मेजर के पद पर सेवाएं दे चुके स्व. यशपाल सिंह परमार की 17वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी धर्मपत्नी एवं वरिष्ठ समाजसेवी निर्मला परमार रेवाड़ी खेड़ा ने गांव स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में 51 फलदार पौधे लगाए। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्व. यशपाल सिंह परमार सहित देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा समाज को हरित पर्यावरण का संदेश देना रहा। पौधारोपण के उपरांत अपने दिवंगत पति को याद करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी निर्मला परमार ने कहा कि उनके पति स्व. यशपाल सिंह परमार ने अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और अमूल्य हिस्सा देश की रक्षा में समर्पित कर दिया था। भारतीय सेना की 16 राजपूत रेजीमेंट में सूबेदार मेजर के पद पर रहते हुए उन्होंने अनेक कठिन व चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का बहादुरी से सामना किया। आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान उन्होंने अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक खूंखार आतंकवादी को मार गिराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और वीरता, अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा की अनूठी मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि पति की पावन स्मृति में पौधे लगाना मेरे लिए उन्हे दी जाने वाली सबसे सच्ची और पवित्र श्रद्धांजलि है। उनके जीवन और विचारों से आज की युवा पीढ़ी को देशभक्ति, साहस और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा मिलती है। वे समाज के हर नागरिक से यह अपील करती हूँ कि वे अपने परिवार के दिवंगत सदस्यों की स्मृति में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लें, ताकि हमारी आने वाली पीढिय़ों को एक स्वच्छ, निर्मल और हरित वातावरण मिल सके। गांव रेवाड़ी खेड़ा के राजकीय प्राथमिक पाठशाला परिसर में लगाए गए ये 51 फलदार पौधे न केवल पर्यावरण को संबल देंगे, बल्कि आने वाले समय में स्कूल के बच्चों को छाया और फल भी प्रदान करेंगे। इस अवसर पर ग्राम सरपंच प्रिया, मीनू परमार, पंकज परमार, सादगी राजपूत, रूहानी राजपूत, विद्यालय के मुख्याध्यापक बलजीत, मंजीत कुमारी, मंजीत कुमार, मधु कुमारी तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।