नीट में उत्कृष्ट विद्यार्थियों को भाजपा जिला कार्यालय में किया गया सम्मानित
भिवानी, 26 जुलाई : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ और भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर, पटका पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सफल विद्यार्थी, उनके अभिभावक तथा पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि भिवानी के बच्चों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि लगन और प्रतिभा में वे किसी से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नीट जैसी देश की कठिनतम परीक्षाओं में सफलता पाना कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। यह बच्चों की अथक मेहनत, उनके माता-पिता के त्याग और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। भिवानी के ये होनहार कल डॉक्टर बनकर समाज और देश की सेवा करेंगे। हमें इन पर गर्व है और भाजपा परिवार इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।
इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने विद्यार्थियों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के बच्चों ने इस परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया है कि यदि हौसला बुलंद हो तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती। आज के इस सम्मान समारोह का उद्देश्य अन्य छात्रों को भी प्रेरित करना है। केंद्र व प्रदेश सरकार लगातार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है ताकि हमारे युवाओं को आगे बढऩे के समान अवसर मिल सकें।
सम्मानित होने वाले मेधावी विद्यार्थियों में जिले के विभिन्न स्कूलों के होनहार शामिल रहे, जिन्होंने उत्कृष्ट अंक और रैंक हासिल की है। इस दौरान शिवम, अर्पित गर्ग, योगेश, हिमांशु, हर्ष, अंकित, अभिनव वशिष्ठ, लक्ष्य, एजेंलिना, रूद्रप्रताप, कुशलता, प्रिया, अंतिमा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अभिभावकों ने भाजपा नेतृत्व और जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद व्यक्त किया। नेताओं ने आश्वासन दिया कि इन होनहारों को आगे की शिक्षा और करियर मार्गदर्शन में हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।