एक पेड़-एक शहीद जवान के नाम अभियान
चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप ने पौधारोपण कर कारगिल के वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
सीमाओं की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों का कभी नहीं चुकाया जा सकता ऋण : विधायक घनश्याम सर्राफ
भारत के वीरों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का प्रतीक है कारगिल विजय दिवस : सागर सज्जन सिंह
भिवानी, 26 जुलाई : हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप द्वारा राज्य मुख्यालय चंडीगढ़ के दिशा-निर्देशानुसार एक अनुकरणीय व देशभक्ति से ओत-प्रोत सामाजिक पहल की गई। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में गु्रप द्वारा एक पेड़-एक शहीद जवान के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर अमर शहीदों की स्मृति में पौधे रोपे गए तथा उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप के अध्यक्ष, पूर्व मंत्री एवं भिवानी के विधायक घनश्याम दास सर्राफ ने स्वयं पौधारोपण कर समाज को पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति का दोहरा संदेश दिया।
विधायक ने कहा कि देश के वीर जवानों ने हमारी सीमाओं की सुरक्षा के लिए जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, उसका ऋण हम कभी नहीं चुका सकते। एक पेड़-एक शहीद जवान के नाम अभियान शहीदों की स्मृति को अमर रखने का एक अद्भुत और पवित्र प्रयास है। वे सभी स्काउट्स, रोवर्स, रेंजर्स और युवाओं से आह्वान करते है कि प्रत्येक जवान एक शहीद के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उसके पूर्ण संरक्षण का संकल्प भी ले ताकि वह पौधा एक विशाल वृक्ष बनकर आने वाली पीढिय़ों को जीवनदायी हवा दे सके।
चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप के गु्रप लीडर सागर सज्जन सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत के वीरों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का प्रतीक है। शहीदों की शहादत को नमन करने और उनके सम्मान में जन-जन को जोडऩे हेतु गु्रप द्वारा जिला मुख्यालय से शहीद स्मारक तक एक विशाल कैंडल मार्च निकाला जाएगा। इस कैंडल मार्च में सभी स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं पदाधिकारी अनुशासित रूप से भाग लेकर देश के वीर सपूतों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनका नमन करेंगे।
गु्रप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अभियान के तहत कुल 51 पौधे लगाए जाएंगे। सबसे खास बात यह है कि प्रत्येक पौधे की निरंतर देखभाल और संरक्षण की व्यक्तिगत जिम्मेदारी एक-एक जवान को सौंपी गई है, जिससे शत-प्रतिशत पौधों का पनपना सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के दौरान सह गु्रप लीडर अमित कुमार ने गु्रप अध्यक्ष घनश्याम दास सर्राफ से पौधारोपण करवाया, वहीं गाइड्स/रेंजर कैप्टन पुष्पा देवी ने रोवर्स व रेंजर्स की ओर से ग्रुप अध्यक्ष को पौधा भेंट कर पर्यावरण रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सीनियर रोवर लीडर नितेश कुमार एवं बैंड मास्टर विजय अहिरवार ने कारगिल विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके पश्चात उपस्थितजनों ने वीर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के अंत में सह गुु्रप लीडर सुनील वर्मा ने सभी स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स के साथ मिलकर शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर विवेक, विनय, माहिर, मयंक, सूर्यांश, दीपक सहित कई सदस्य उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कवरेज पुनीत द्वारा की गई।