पॉलीटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा में विद्यार्थियों को अग्निवीर योजना एवं भारतीय सेना में करियर के अवसरों की दी जानकारी
मेजर जोगिंदर सिंह ने भर्ती प्रक्रिया, पात्रता एवं सैन्य जीवन से कराया अवगत, युवाओं से देशसेवा के लिए आगे आने का किया आह्वान
=============================
शासकीय इंदिरा गांधी पॉलीटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा में विद्यार्थियों को भारतीय सेना में करियर बनाने एवं अग्निवीर योजना के माध्यम से देशसेवा के अवसरों से अवगत कराने के उद्देश्य से आज विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भोपाल से मेजर जोगिंदर सिंह एवं एनसीसी कमांडर श्री ब्रह्मेश्वर ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना की भर्ती प्रक्रिया, अग्निवीर योजना एवं सैन्य जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की।
मेजर जोगिंदर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय सेना में शामिल होना केवल करियर का विकल्प नहीं, बल्कि देश के प्रति त्याग, समर्पण, अनुशासन एवं शौर्य का प्रतीक है। अग्निवीर योजना युवाओं को कम आयु में सेना में सेवा करने का अवसर प्रदान करती है तथा उनके भविष्य को सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने भारतीय सेना की व्यावसायिक दक्षता, आधुनिक तकनीक एवं देश की सुरक्षा में सेना के योगदान पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि भारतीय सेना जल, थल एवं वायु क्षेत्रों में देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकों का उपयोग करती है। ड्रोन, टैंक, मिसाइल, राफेल जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान तथा नवीन सैन्य तकनीकों के माध्यम से देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा रहा है। सेना में युवाओं को अपनी रुचि, प्रतिभा एवं कौशल विकसित करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने के अवसर भी प्राप्त होते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, ऑनलाइन पंजीकरण एवं परीक्षा संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही आगामी भर्ती प्रक्रिया के लिए फरवरी-मार्च में ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण कर परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया गया। मेजर जोगिंदर सिंह ने युवाओं से भारतीय सेना को अपने करियर के रूप में चुनकर देशसेवा करने का आह्वान किया।
एनसीसी कमांडर श्री ब्रह्मेश्वर ने कहा कि सामान्यतः 17 वर्ष की आयु में अन्य शासकीय सेवाओं में प्रवेश के अवसर सीमित होते हैं, जबकि भारतीय सेना युवाओं को कम आयु में देशसेवा का अवसर प्रदान करती है। सेना में सेवा करने से अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है। उन्होंने सेना में सेवा के बाद उपलब्ध विभिन्न अवसरों एवं पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित कोटे के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेना में करियर युवाओं को व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ अपने गांव, शहर, जिले एवं देश का गौरव बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है।
संस्था के प्राचार्य डॉ. आलोक कुमार यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि अनुशासन जीवन में सर्वोपरि है। देश की रक्षा के लिए विपरीत परिस्थितियों में भी तत्पर रहने वाले सैनिक हमारे वास्तविक हीरो हैं। हमें उनके त्याग, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा की भावना का सदैव सम्मान एवं स्मरण करना चाहिए।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती नीलम खासकलम ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री राकेश कुमार कावरे द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्रीमती ओम कटकवार, श्रीमती शाहिस्ता अंसारी, कु. आकांक्षा बुनकर, श्रीमती ममता बघेल, श्रीमती स्वाति चौरसिया एवं श्रीमती शैली कराड़े सहित महाविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर भारतीय सेना एवं अग्निवीर योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
Chhindwara, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026