001
प्रैस नोट-जिला पलवल
दिनांक 25 अगस्त 2026
*झूठी सूचना, झूठे बयान व झूठे सबूत देने वालों की अब खैर नहीं; एसपी पलवल ने दी कड़े संदेश के साथ चेतावनी, भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत होगी सख्त कार्रवाई।*
*न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले ऐसे कृत्यों के खिलाफ पलवल पुलिस की 'जीरो टॉलरेंस' नीति—नीतीश अग्रवाल,एसपी पलवल।*
*श्री नीतीश अग्रवाल आईपीएस का बतौर एसपी पलवल का चार्ज संभालने से लेकर अब तक उक्त मामलों में पलवल पुलिस की बड़ी कार्यवाही -74 लोगों के खिलाफ की कड़ी कार्रवाई।*
*आमजन को जागरूक करने के लिए सभी थानों, पुलिस चौकियों व पुलिस कार्यालयों में चेतावनी बोर्ड लगाए गए-नीतीश अग्रवाल,एसपी पलवल।*
पलवल। पुलिस अधीक्षक श्री नीतीश अग्रवाल, आईपीएस ने स्पष्ट किया है कि पुलिस व न्याय व्यवस्था के समक्ष झूठी सूचना देना, झूठा बयान देना या झूठा सबूत गढ़ना कानूनन बेहद गंभीर अपराध है। न्याय प्रक्रिया को बाधित या प्रभावित करने वाले ऐसे कृत्यों के खिलाफ पलवल पुलिस 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है।
एसपी ने बताया कि अप्रैल 2026 में जब से उन्होंने बतौर एसपी पलवल का पदभार संभाला है, तब से लेकर अब तक पुलिस प्रशासन को गुमराह करने और झूठी शिकायतें देने वाले 74 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। उनके निर्देश अनुसार आमजन को जागरूक करने के लिए सभी थानों, पुलिस चौकियों व पुलिस कार्यालयों में *चेतावनी बोर्ड* लगाए गए हैं।
*कार्रवाई के उदाहरण (केस स्टडीज):*
केस - 1: आपातकालीन नंबर 112 पर फर्जी कॉल करने वाले पर मामला दर्ज (थाना गदपुरी)
दिनांक 22.05.2026 को आरोपी नरेन्द्र (निवासी खेडला) ने शराब के नशे में 112 पर कॉल कर झूठी सूचना दी कि गांव दुधौला में फायरिंग हुई है और उसके साथी के पैर में गोली लगी है। गदपुरी पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी पुलिस को सिकंदरपुर रोड, यूनिवर्सिटी रोड और पातली रोड पर इधर-उधर घुमाता रहा। साइबर सेल की मदद से पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह नशे में धुत्त मिला। पुलिस का समय व संसाधन बर्बाद करने पर आरोपी के खिलाफ धारा 217, 221 BNS के तहत मामला दर्ज कर कलंदा न्यायालय में दाखिल किया गया।
*केस - 2: किडनैपिंग व 1.5 लाख की लूट की झूठी शिकायत पर दो गिरफ्तार, भेजे जेल (थाना सदर पलवल)*
दिनांक 08.04.2026 को अरुण (निवासी आलदुका) ने पुलिस को राहुल पुत्र वीरेंद्र व राहुल पुत्र सुरेश द्वारा अपने अपहरण तथा ₹1.5 लाख व मोबाइल लूटने की झूठी सूचना दी। थाने में पूछताछ के दौरान अरुण के भाई अक्षय ने आकर पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। गहन जांच में खुलासा हुआ कि तीनों परिचितों ने पहले साथ बैठकर शराब पी और बाद में आपसी कहासुनी पर किडनैपिंग की झूठी कहानी रची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों अरुण व अक्षय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
*एसपी श्री नीतीश अग्रवाल ने कड़ा संदेश देते हुए कहा:*
"न्याय तभी संभव है जब पुलिस व अदालत के सामने पूर्ण सच रखा जाए। रंजिश या दुर्भावना से दी गई झूठी शिकायत या झूठी गवाही से निर्दोष व्यक्ति का जीवन बर्बाद हो सकता है। ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।"
*पलवल पुलिस की आमजन से अपील:*
पुलिस अधीक्षक पलवल ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपराध की सूचना सदैव सत्य व तथ्यात्मक दें। रंजिशन या दुर्भावना से झूठी शिकायत दर्ज कराने से पुलिस का अमूल्य समय व संसाधन व्यर्थ होते हैं और वास्तविक पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी होती है। 112 हेल्पलाइन आपात स्थिति के लिए है, इसका दुरुपयोग न करें।
Palwal, Palwal | Aug 25, 2026