डीएम ने संपत्ति के स्टाम्प मूल्यांकन का किया स्थलीय सत्यापन
निर्धारित स्टाम्प मूल्य के अनुरूप ही संपत्तियों का पंजीकरण कराने के दिए निर्देश
देवरिया, 14 सितंबर। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को संपत्तियों के क्रय-विक्रय में निर्धारित स्टाम्प मूल्यांकन की वास्तविकता जांचने के लिए एआईजी स्टाम्प एवं सब रजिस्ट्रार के साथ कसया ढाला फ्लाईओवर के निकट स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने करीब 1.15 करोड़ रुपये की विक्रय संपत्ति का मौके पर सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित संपत्ति के निचले तल का उपयोग व्यावसायिक और ऊपरी तल का उपयोग आवासीय रूप में किया जा रहा था। उक्त संपत्ति का निर्धारित स्टाम्प मूल्य 7 लाख रुपये था। डीएम ने मौके की वास्तविक स्थिति का स्टाम्प अभिलेखों में दर्ज विवरण से मिलान किया और लागू स्टाम्प मूल्य दर की भी जांच की। सत्यापन में मौके की स्थिति और अभिलेखों में दर्ज विवरण सही पाया गया।
जिलाधिकारी ने उपनिबंधक अधिकारियों को निर्देश दिया कि संपत्तियों के क्रय-विक्रय में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार स्टाम्प मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए। नियमानुसार परीक्षण के बाद ही विक्रय विलेखों का पंजीकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए, ताकि स्टाम्प मूल्यांकन अथवा स्टाम्प शुल्क में किसी प्रकार की कमी न हो।
निरीक्षण के दौरान एआईजी स्टाम्प अजय धर्मराज सिंह और सब रजिस्ट्रार अजय कुमार सिंह उपस्थित रहे।
Salempur, Deoria | Sep 15, 2026