हनुमानगढ़ जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से
संगरिया की आवाज़।
जंक्शन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी मतगणना, अभ्यर्थियों और गणना अभिकर्ताओं के लिए जारी किए महत्वपूर्ण निर्देश
हनुमानगढ़। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, संगरिया बाईपास रोड, हनुमानगढ़ जंक्शन में होगी। मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से राजनीतिक दलों के अध्यक्षों-सचिवों, जिला परिषद सदस्य पद के अभ्यर्थियों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के लिए आवश्यक सूचना और दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं गणना अभिकर्ताओं का मतगणना भवन में प्रवेश पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के मुख्य द्वार से होगा। यहां से लगभग 200 मीटर पैदल चलकर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचना होगा। मतगणना भवन में मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों एवं उनके अभिकर्ताओं के लिए प्रवेश व्यवस्था पंचायत समिति के निर्धारित समूहों के अनुसार की गई है।
संगरिया-रावतसर,
पल्लू-टिब्बी,
पीलीबंगा-हनुमानगढ़ जंक्शन,
भादरा-राजपुरा 8 बीएचडी तथा
नोहर-हनुमानगढ़ टाउन के लिए अलग-अलग साझा प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं।
मतगणना कक्ष में एक समय में केवल उसी जिला परिषद या पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्र (जोन) से संबंधित अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं गणना अभिकर्ताओं को प्रवेश दिया जाएगा, जिसकी मतगणना चल रही होगी। अन्य जोन के अभ्यर्थियों एवं अभिकर्ताओं के लिए प्रवेश द्वार के समीप प्रतीक्षा स्थल पर बैठने की व्यवस्था रहेगी। संबंधित जोन की मतगणना की बारी आने पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी की ओर से घोषणा की जाएगी। प्रत्येक राउंड की समाप्ति पर एआरओ टेबल से अभ्यर्थियों को प्राप्त मतों की घोषणा भी की जाएगी।
गणना अभिकर्ता की नियुक्ति के लिए अभ्यर्थी अथवा उनका निर्वाचन अभिकर्ता जिला कलक्ट्रेट स्थित कक्ष संख्या 213 में संपर्क कर प्रारूप-10 में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। नियुक्ति पत्रक मतगणना दिवस से कम से कम दो दिन पूर्व रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में जमा करवाना आवश्यक है।
आवेदन दो प्रतियों में,
पासपोर्ट साइज फोटो सहित प्रस्तुत करना होगा तथा प्रारूप-10 पर गणना अभिकर्ता के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं। गणना अभिकर्ता को जारी पहचान बैज के आधार पर ही प्रवेश मिलेगा। बैज जिला कलक्ट्रेट से रिटर्निंग अधिकारी के हस्ताक्षर से जारी किए जाएंगे।
गणना अभिकर्ता को आवंटित टेबल पर ही बैठना होगा। गणना के दौरान गणना कक्ष छोड़ने के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक राउंड की गणना पूर्ण होने पर प्रारूप-14 ग (गणना का परिणाम) पर संबंधित टेबल पर मौजूद गणना अभिकर्ताओं के हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। मतगणना शुरू होने से पहले नियंत्रण यूनिट एवं कैरिंग बॉक्स पर लगी सीलों का निरीक्षण करने का अवसर भी गणना अभिकर्ताओं को दिया जाएगा।
मतगणना कक्ष में धूम्रपान पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी के वैधानिक निर्देशों का पालन नहीं करने या अनुचित व्यवहार करने पर संबंधित व्यक्ति को मतगणना कक्ष से बाहर किया जा सकेगा। मतगणना प्रारंभ होने से पहले लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 128 के प्रावधानों की जानकारी भी उपस्थित व्यक्तियों को दी जाएगी।
संगरिया की आवाज़
District Collector & Magistrate - Hanumangarh
___
Sangaria, Hanumangarh | Nov 16, 2026