नियमित टीकाकरण सेवाओं की बेहतर प्रदायगी एवं पर्यवेक्षण हेतु आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण
उज्जैन, 08 सितंबर। नियमित टीकाकरण सेवाओं की बेहतर प्रदायगी एवं टीकाकरण सेवाओं के पर्यवेक्षण हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल, जिला उज्जैन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्री ब्रजेश त्रिपाठी द्वारा दिनांक 08 सितंबर 2026 को उज्जैन जिले के विकासखंड घट्टिया के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र जलवा एवं आंगनवाड़ी केंद्र ढाबलागौरी में आयोजित टीकाकरण सत्र का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान टीकाकरण सत्र के आयोजन का निरीक्षण कर टीकाकरण के संसाधनों का अवलोकन किया गया एवं ड्यू-लिस्ट अनुसार क्षेत्र के सभी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पूर्ण टीकाकरण समय पर करने हेतु निर्देश दिए गए। टीकाकरण से कोई भी बच्चा व गर्भवती महिला वंचित न रहे, इस प्रकार टीकाकरण कार्ययोजना बनाकर टीकाकरण सत्रों का आयोजन करें एवं यू-विन पोर्टल पर इसकी प्रविष्टि अनिवार्यतः करें।
हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं से समन्वय कर सतत निगरानी रखने एवं पूर्ण प्रबंधन करने हेतु निर्देश दिए गए। बर्ड वेटिंग रूम में गर्भवती महिलाओं को संभावित प्रसव दिनांक के पूर्व भर्ती कर उनका सुरक्षित संस्थागत प्रसव संपादित करने व गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी हो जाने के पश्चात संबंधित संस्था से समन्वय कर डिलीवरी अपडेशन भी समय पर करवाने हेतु निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र जलवा में चार कुपोषित बच्चे होने के बाद भी संबंधित क्षेत्र के सुपरवाइजर द्वारा पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती नहीं करवाया गया। साथ ही देखने में यह भी आया कि सुपरवाइजर द्वारा क्षेत्र में नियमित रूप से सुपरविजन व मॉनिटरिंग भी नहीं की जाती है, जिस कारण संबंधित सुपरवाइजर के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शत-प्रतिशत लक्ष्यपूर्ति हेतु भी सतत प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने हेतु निर्धारित दिशा-निर्देशानुसार सुमन पंचायत के क्रियान्वयन करने हेतु निर्देश दिए गए। आयुष्मान भारत योजना के समस्त पात्र हितग्राहियों एवं 70 वर्ष या इससे अधिक उम्र वर्ग के समस्त नागरिकों के आयुष्मान कार्ड भी शत-प्रतिशत बनाए जाने हेतु निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के रिपोर्ट/आँकड़ों में एकरूपता रखने, समय-समय पर दोनों विभागों की समन्वय बैठक का आयोजन करने एवं समस्त रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित रखने हेतु भी निर्देश दिए गए।
माह सितंबर में मनाए जा रहे पोषण आहार माह के अंतर्गत भी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार हेतु परामर्श प्रदान करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान ए.एन.सी. पंजीयन एवं गंभीर कुपोषित बच्चों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई एवं कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती करवाकर स्वास्थ्य लाभ प्रदान करवाने व डिस्चार्ज उपरांत नियमित रूप से फॉलोअप लेने हेतु निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अशोक कुमार पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं श्री ब्रजेश त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, डॉ. अनुज शल्या, खंड चिकित्साधिकारी, श्रीमती श्वेता सिंह, परियोजना अधिकारी, श्री महेशचंद्र परमार, बी.ई.ई., श्रीमती संगीता शर्मा, बी.सी.एम., महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
21 views | Umaria, Madhya Pradesh | Sep 8, 2026