*NDRF की टीम ने ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन एवं जीवन रक्षक तकनीकों का दिया प्रशिक्षण*
उज्जैन, 08 सितम्बर। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 11वीं बटालियन की 11-M उप-टीम द्वारा ग्राम ताकवासा, तहसील एवं जिला उज्जैन (मध्य प्रदेश) में सामुदायिक क्षमता निर्माण कार्यक्रम (Capacity Building Programme) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक श्रीनिवास मीना के नेतृत्व में कुल 09 बचावकर्मियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के प्रति जागरूक करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं एवं अन्य व्यक्तियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्राथमिक उपचार, जीवन रक्षक कौशल एवं बचाव तकनीकों के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान NDRF टीम द्वारा ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन, आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों तथा NDRF की भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, प्राथमिक उपचार एवं जीवन रक्षक तकनीकों के संबंध में प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
ग्रामीणों को विभिन्न आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित निकासी, घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए प्राथमिक राहत एवं बचाव कार्य करने के संबंध में भी प्रशिक्षित किया गया।
टीम द्वारा ग्रामीणों को आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सजग एवं सुरक्षित रहते हुए त्वरित निर्णय लेने, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग करने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित एजेंसियों को सूचना देने के महत्व से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने NDRF टीम द्वारा प्रदान किए गए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। इस क्षमता निर्माण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय की आपदा तैयारी, जागरूकता एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को सुदृढ़ करना रहा।
NDRF द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के सामुदायिक जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को आपदा के दौरान सुरक्षित रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिक राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।
31 views | Umaria, Madhya Pradesh | Sep 8, 2026