🔳पैरालंपिक भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक विजेता शुभम चक्रवर्ती का सम्मानित
🔳प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने उपलब्धि की सराहना कर दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
🔳कटनी - मॉस्को (रूस) में आयोजित पैरालंपिक भारोत्तोलन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और जिले का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ी शुभम चक्रवर्ती को जिला एवं सत्र न्यायालय, कटनी में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा ने शुभम चक्रवर्ती को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण उपस्थित रहे। उन्होंने शुभम की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्व सचिव श्रीमती मृणालिनी सिंह, वर्तमान सचिव श्री गोपेश गर्ग तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हर्षित बिसेन भी मौजूद रहे।
*मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति का बताया प्रतीक*
उपस्थित न्यायाधीशों एवं अधिकारियों ने शुभम चक्रवर्ती की सफलता को उनकी मेहनत, लगन, दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि शुभम की उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों, विशेषकर दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका प्रदर्शन यह संदेश देता है कि प्रतिभा, संकल्प और निरंतर प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।
शुभम चक्रवर्ती की इस उपलब्धि से जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है। उनका सम्मान न केवल उनकी खेल प्रतिभा का अभिनंदन है, बल्कि समाज में दिव्यांगजनों की क्षमताओं, आत्मविश्वास और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Oct 15, 2026