चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की भीषण बाढ़ ने दर्जनों गांवों में तबाही मचाई है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कई परिवारों का घर-गृहस्थी का सामान बह गया, तो कई लोगों के पास खाना बनाने तक की सामग्री नहीं बची है।
इसी बीच समाजसेवा में सक्रिय समाजसेविका अर्चना नितिन उपाध्याय लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जरूरतमंद परिवारों की मदद कर रही हैं। राजापुर तहसील के सबसे अधिक प्रभावित गांव बरेठी और औदहा पहुंचकर उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों को खाद्य सामग्री वितरित की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने गांव के छोटे बच्चों को शिक्षा के प्रति भी जागरूक किया।
अर्चना उपाध्याय का कहना है कि बाढ़ से लोगों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। कई परिवारों का सालभर का राशन पानी में बह गया है और आज उनके सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि प्रशासन द्वारा वितरित की जा रही राहत सामग्री अभी तक सभी प्रभावित गांवों तक नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने प्रशासन से बरेठी और औदहा गांव का सर्वे कराकर पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
बाइट — अर्चना उपाध्याय