राजस्थान की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रतापगढ़ जिला जेल से सामने आए एक वायरल वीडियो ने जेल के भीतर कथित अवैध वसूली और प्रतिबंधित सामान की सप्लाई का खुलासा करने का दावा किया है। वीडियो में मोबाइल फोन से लेकर तंबाकू तक के लिए कथित तौर पर रेट तय होने की बात कही जा रही है। यहां तक कि आईफोन इस्तेमाल करने के लिए 50 हजार रुपये महीने तक की मांग का दावा किया गया है। देखिए ये खास रिपोर्ट...
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिला जेल से सामने आया एक वायरल वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। जेल के भीतर से रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में बंदी कथित तौर पर जेल में मिलने वाली सुविधाओं के बदले हर महीने अवैध वसूली यानी 'बंधी' दिए जाने की बात करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में एक बंदी यह दावा करता सुनाई दे रहा है कि जेल में बंधी की रकम बढ़ा दी गई है। आरोपों के मुताबिक, जेल के भीतर आईफोन इस्तेमाल करने के लिए 50 हजार रुपये और साधारण मोबाइल फोन के लिए 30 हजार रुपये महीने देने पड़ते हैं। वहीं, तंबाकू पहुंचाने के लिए 15 सौ रुपये की रकम बताए जाने का भी दावा किया जा रहा है।
मामला सिर्फ पैसों की वसूली तक सीमित नहीं है। वायरल फुटेज में ऑनलाइन पेमेंट और सामान की डिलीवरी से जुड़ी बातचीत भी सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में गोपाल नाम के व्यक्ति से सौदा तय होने और चंदू तक सामान पहुंचाने की बात सामने आती है। दावा है कि ऑनलाइन पेमेंट की पुष्टि होने के बाद ही मोबाइल इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाती है।
इस वीडियो ने जेल की हाई सिक्योरिटी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्योंकि इससे पहले 6 अक्टूबर की रात जेल के हाई सिक्योरिटी जोन में छापेमारी के दौरान एक आईफोन, एक कीपैड मोबाइल, चार सिम कार्ड और चार्जर बरामद किए गए थे।
इसके अलावा जेल की बाहरी दीवार के जरिए पार्सल फेंककर तंबाकू और नशीले पदार्थ अंदर पहुंचाने का मामला भी सामने आ चुका है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कड़ी सुरक्षा के दावों के बावजूद जेल के भीतर मोबाइल और प्रतिबंधित सामान आखिर कैसे पहुंच रहा है?
वहीं, इस पूरे मामले पर जब मीडिया ने जेलर चंदूलाल से संपर्क किया, तो उन्होंने फोन पर कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया और जेल आकर बात करने को कहा।
फिलहाल वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और प्रशासनिक जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है। लेकिन इस वीडियो ने प्रतापगढ़ जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था और कथित अवैध वसूली के आरोपों को लेकर कई गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जेल प्रशासन और संबंधित अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।
#RajasthanNews #PratapgarhJail #PratapgarhNews #JailScam #JailCorruption #RajasthanPolice #ViralVideo #JailSecurity #IllegalRecovery #BreakingNews