रोडवेज चौराहे पर गूंजा भाजपा का जयघोष, हरीश द्विवेदी का हुआ ऐतिहासिक स्वागत
संजय चौधरी के संयोजन में उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब, पुष्पवर्षा व जोरदार नारों से किया अभिनंदन
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के प्रथम गृह जनपद आगमन पर रोडवेज चौराहे पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जिला पंचायत प्रशासक संजय चौधरी के संयोजन में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों की मौजूदगी से पूरा रोडवेज चौराहा भगवामय नजर आया।
हरीश द्विवेदी के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। समर्थकों में उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच राष्ट्रीय महामंत्री का स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर संजय चौधरी ने कहा कि हरीश द्विवेदी का राष्ट्रीय महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व पर पहुंचना पूरे बस्ती जनपद के लिए गौरव का विषय है। उनके नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि बस्ती की धरती के लाल को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व की बात है।
स्वागत समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने हरीश द्विवेदी के समर्थन में नारे लगाए और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। रोडवेज चौराहे पर हुए इस भव्य स्वागत ने जनपद में भाजपा की मजबूत संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं के उत्साह को भी प्रदर्शित किया।
Basti, Basti | Sep 1, 2026