51 किलो की माला से हुआ हरीश द्विवेदी का भव्य अभिनंदन
बेगम खैर इंटर कॉलेज के सामने आशीष शुक्ला के संयोजन में उमड़ा जनसैलाब, हाथी-घोड़े और ऊंट बने आकर्षण का केंद्र
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के जनपद आगमन पर मंगलवार को बेगम खैर इंटर कॉलेज गेट के सामने भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता आशीष शुक्ला के संयोजन में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आमजन ने पहुंचकर राष्ट्रीय महामंत्री का जोरदार अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह को यादगार बनाने के लिए जनपद में ही विशेष रूप से तैयार की गई 51 किलो वजन की विशाल माला पहनाकर हरीश द्विवेदी का अभिनंदन किया गया। विशाल माला पहनाए जाने का दृश्य देखते ही बना। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच अपने नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया।
समारोह की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि स्वागत के लिए हाथी, घोड़े और ऊंट भी विशेष रूप से लगाए गए थे। इनकी मौजूदगी लोगों के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। स्वागत स्थल पर उमड़े कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और पूरे वातावरण में भाजपा के नारों की गूंज सुनाई देती रही।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता आशीष शुक्ला ने कहा कि हरीश द्विवेदी को पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे बस्ती जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बस्ती की धरती के लाल को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से जिले के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि हरीश द्विवेदी की संगठनात्मक क्षमता, सहजता और कार्यकर्ताओं से मजबूत जुड़ाव ने उन्हें भाजपा में नई पहचान दिलाई है। उनके राष्ट्रीय महामंत्री बनने से बस्ती के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है।
बेगम खैर इंटर कॉलेज गेट पर आयोजित यह स्वागत समारोह देर तक चर्चा का विषय बना रहा। 51 किलो की विशाल माला, हाथी-घोड़े और ऊंट के साथ हुआ अभिनंदन हरीश द्विवेदी के स्वागत कार्यक्रम की भव्यता को खास बना गया।
Basti, Basti | Sep 1, 2026