नेदुला और डीघा बाईपास पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की मांग, भाजपा नगर अध्यक्ष ने डीएम को सौंपा पत्र
संतकबीरनगर। जनपद के नेदुला चौराहा बाईपास और सोनी होटल डीघा बाईपास पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भाजपा नगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी उर्फ कन्हैया वर्मा के नेतृत्व में सभासदों एवं नगर इकाई के सदस्यों ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपा। उन्होंने दोनों स्थानों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी सुधारात्मक कार्यवाही की मांग की।
पत्र में कहा गया कि नेदुला और डीघा बाईपास ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग हैं। यहां हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों का लगातार आवागमन होता है, जिससे स्थानीय यातायात के साथ मिलन स्थल पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हाल के दिनों में हुई दुर्घटनाओं में कई लोगों, विशेषकर युवाओं की असमय मृत्यु से क्षेत्र के नागरिक चिंतित हैं।
भाजपा नगर अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की, ताकि भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
इस दौरान महामंत्री मुरलीधर जायसवाल, रूपनाथ मिश्रा, उपाध्यक्ष नितिन सिंह, विनोद अग्रवाल, विकास गुप्ता और शुभम राय दिलीप निराला, बब्बन पाण्डेय, रितेश वर्मा,सहित अन्य लोग मौजूद रहे।