विकसित भारत के संकल्प को मिली नई रफ्तार...
ओल्ड फरीदाबाद में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का मंडल प्रवास
फरीदाबाद में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित मंडल प्रवास कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने शिरकत की। ओल्ड फरीदाबाद मंडल अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत श्रमदान कर स्वयं झाड़ू लगाई और लोगों को स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
अपने संबोधन में मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक विकास यात्रा में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने सुशासन, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से विकास की नई मिसाल कायम की है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को इन अभियानों से जोड़ें।
इस अवसर पर जिला महामंत्री प्रवीण गर्ग चौधरी, मंडल महामंत्री रमेश जांगड़ा, अशोक रखेजा, पार्षद सचिन शर्मा सहित मंडल के पदाधिकारी, शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।