प्रभारी सचिव टी रविकांत ने जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के साथ निगम में किया शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण, दिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश।
आवेदकों को बांटे पट्टे।
सभी विभागीय अधिकारियों से ली शिविर की जानकारी।
प्रभारी सचिव ने की आवेदकों से वार्ता।
उदयपुर। शुक्रवार को शिविर के सातवें दिन उदयपुर जिले के प्रभारी सचिव टी रविकांत ने जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के साथ नगर निगम के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में संचालित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया।
शिविर प्रभारी दिनेश कुमार मंडोवरा ने बताया कि प्रभारी सचिव ने वहां उपस्थित आमजन से वार्तालाप कर शिविर से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी एवं उनसे फीडबैक भी लिया। उन्होंने वहां उपस्थित आमजन को एवं शहर वासियों से अपील करते हुए कहा है कि यह शिविर राज्य सरकार द्वारा आमजन के हित हेतु आयोजित किया गया है। किसी भी शहर वासी को नगर निगम से संबंधित कोई भी कार्य बकाया है तो वह व्यक्तिअपने संपूर्ण दस्तावेज के साथ शिविर में पहुंचकर अपना कार्य संपन्न करावा सकता है। शिविर में उपस्थित निगम अधिकारी त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदकों के कार्य संपन्न करेंगे। सभी शहरवासी अपने परिचितों को इस शहरी सेवा शिविर में बारे में जानकारी देवे जिससे उन्हें भी शिविर का लाभ मिल सकें। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित गतिविधियों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आमजन के आवेदनों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने शिविर में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने विभिन्न विभागीय अधिकारियों से शिविर में प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण तथा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।
आवेदकों को बांटे पट्टे।
नगर निगम शहरी सेवा शिविर निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव टी रविकांत ने जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के साथ कैलाश प्राजापत, शीला बेरा, हिम्मत सिंह, कैलाश साहू, रंजना जोशी, हरिशंकर कुमावत आदि पात्र लाभार्थियों को भू स्वामित्व संबंधी पट्टे भी वितरित किए। पट्टे प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से उन्हें अपने वर्षों पुराने कार्यों का सरल एवं त्वरित समाधान मिला है।
शिविर के बारे में जानकारी देते हुए जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि शहरी सेवा शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करने, लंबित प्रकरणों के समाधान तथा जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ संपादित किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।
140 स्थानों पर बहाल हुई रोशनी
शिविर के दौरान स्ट्रीट लाइटों से संबंधित 149 शिकायतें प्राप्त हुईं। आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर विद्युत शाखा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 140 स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था बहाल कर दी। शेष शिकायतों पर कार्यवाही प्रगति पर है। इससे लंबे समय से अंधेरे में रहने वाले क्षेत्रों के नागरिकों को राहत मिली है।
लंबे समय से लंबित कार्यों का हुआ निस्तारण
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शिविर में कई ऐसे प्रकरणों का निस्तारण किया गया जो लंबे समय से लंबित थे। नामांतरण के 5 प्रकरणों का निराकरण किया गया। सफाई व्यवस्था से संबंधित 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 48 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष पर कार्यवाही जारी है।
इसके अतिरिक्त विवाह पंजीयन तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें दस्तावेज पूर्ण पाए जाने पर 7 आवेदकों को मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी किए गए।