अजमेर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न, यात्री सुविधाओं के विस्तार पर हुई चर्चा
अजमेर, 19 जून। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल कार्यालय में मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक मंडल रेल प्रबंधक एवं समिति अध्यक्ष राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न व्यापारिक एवं यात्री संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा रेल मंत्रालय द्वारा नामित सदस्यों ने भाग लेकर रेल सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के प्रारंभ में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने मंडल में संचालित विशेष एवं वाणिज्यिक गतिविधियों तथा उपलब्धियों की जानकारी दी। उपस्थित प्रतिनिधियों ने रेलवे प्रशासन द्वारा यात्री सुविधाओं में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बैठक में रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव एवं विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन, डिब्बों की संख्या बढ़ाने, लिफ्ट एवं एस्केलेटर, टिकट वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ाने, आरओबी-आरयूबी निर्माण, प्लेटफॉर्म शेल्टर विस्तार, अतिरिक्त टिकट खिड़कियां खोलने तथा पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
समिति अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें यथासंभव क्रियान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में मसूदा, ब्यावर, सुमेरपुर-जवाई बांध, फालना, भीलवाड़ा एवं उदयपुर क्षेत्र से छह सदस्यों ने भाग लिया। इनमें आर.के. जैन (मेवाड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, भीलवाड़ा), राकेश कसेरा, पवन तालेसरा (उदयपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स), प्रमोद कुमार झंवर (मारुति सेवा समिति, उदयपुर), ओमप्रकाश पालीवाल (सांसद उदयपुर प्रतिनिधि) तथा श्याम अग्रवाल (सांसद जालौर प्रतिनिधि) शामिल रहे।
बैठक में रेलवे प्रशासन की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, मंडल वाणिज्य प्रबंधक अशोक कुमार मीणा, सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार स्वर्णकार सहित मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया। अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।