कैन्दी पंचायत में ग्राम सभा, शपथ ग्रहण, वृक्षारोपण एवं महात्मा गांधी जयंती कार्यक्रम का आयोजन
लखीसराय। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आज दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को हलसी प्रखंड अंतर्गत कैन्दी पंचायत में ग्राम सभा, शपथ ग्रहण, वृक्षारोपण एवं महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला पदाधिकारी लखीसराय एवं उप विकास आयुक्त के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को नशामुक्ति, बाल विवाह उन्मूलन, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में संबोधित किया गया। उन्होंने ग्रामीणों से सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सामूहिक रूप से जागरूकता फैलाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
जिला पदाधिकारी के निर्देशन में पंचायत परिसर एवं अन्य उपयुक्त स्थलों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित पंचायत के निर्माण का संदेश देते हुए अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने पर बल दिया गया।
दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को बल्लोपुर पंचायत के वार्ड संख्या-09 अंतर्गत चौरी ग्राम की कुछ महादलित महिलाओं द्वारा नल-जल योजना से संबंधित बाधित जलापूर्ति की शिकायत का भी संज्ञान लिया गया। संबंधित पदाधिकारियों के प्रयास से उक्त समस्या का आज समाधान कराते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू करा दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से संबंधित ग्रामीणों को राहत मिली।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीण जनता के साथ पंचायत के समग्र विकास को लेकर समन्वयात्मक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं, मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। ग्रामीणों से उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, लखीसराय श्री सुमित कुमार, अपर जिला पंचायत राज पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, हलसी, श्री विकास कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से गांधी जी के स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं जनभागीदारी के संदेश को आत्मसात करते हुए पंचायत के समग्र एवं सतत विकास के लिए सामूहिक प्रयास का संकल्प लिया गया।