कोटा की सड़कों पर दौड़ी अत्याधुनिक पीएम ई-बसें, बसों को एकटक देखते रहे शहरवासी
कोटा। शहरवासियों को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सौगात मंगलवार को मिल गई। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत कोटा में शुरू हुई गुलाबी रंग की ई-बसों को माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कोटा में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर, कोटा दक्षिण विधायक श्री संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक श्रीमती कल्पना देवी, संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन, जिला कलेक्टर एवं कोटा बस सर्विस लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक पीयूष समारिया तथा नगर निगम आयुक्त एवं कोटा बस सर्विस लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश मेहरा ने बसों को हरी झंडी दिखाई। जैसे ही ई-बसें शहर की सड़कों पर उतरीं, लोगों की नजरें इन पर टिक गईं। गुलाबी रंग में सजी आकर्षक बसें शहरवासियों के बीच कौतूहल का विषय बनी रहीं। सड़क से गुजरती बसों को लोग एकटक देखते रहे और इनमें सफर करने की उत्सुकता भी नजर आई।
कम किराया, अधिक सुविधा और प्रदूषणमुक्त सफर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर ने कहा कि ये बसें कम किराए में यात्रियों को अधिक सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराएंगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ये पूरी तरह प्रदूषणमुक्त हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य देश में कार्बन उत्सर्जन को न्यूनतम स्तर पर लाना है और इसी दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। भारतीय संस्कृति में पर्यावरण संरक्षण को सदैव महत्व दिया गया है। ई-बसों का संचालन भी शहर के पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देगा। आधुनिक परिवहन व्यवस्था से शहरवासियों को सुविधा मिलने के साथ ही प्रदूषण में कमी आएगी।
विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा कोटा
कोटा दक्षिण विधायक श्री संदीप शर्मा ने कहा कि माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला के नेतृत्व में कोटा क्रांतिकारी विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। शहर में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। हर चेहरे पर खुशी हो और हर व्यक्ति की आकांक्षा पूरी हो, यही माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला का उद्देश्य है। उनके विजन के कारण ही आज लो-फ्लोर ई-बसें कोटा शहर के मार्गों पर दौड़ना शुरू हुई हैं। इनका किराया न्यूनतम रखा जाएगा और शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच सुगम संपर्क स्थापित होगा।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट विकास का महत्वपूर्ण पैमाना
लाडपुरा विधायक श्रीमती कल्पना देवी ने कहा कि किसी भी शहर के विकास के प्रमुख पैमानों में मजबूत और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इसी दिशा में पर्यावरण संरक्षण के साथ आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। खुशी की बात है कि ये बसें पूरी तरह वातानुकूलित हैं और यात्रियों को आरामदायक सफर की सुविधा देंगी।
5 से 10 मिनट में बस सुविधा का लक्ष्य
संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा कि ई-बस सेवा की शुरुआत कोटा जिले के लिए बेहद बेहतरीन शुरुआत है। प्रयास किया जा रहा है कि प्रत्येक यात्री को 5 से 10 मिनट के अंतराल में बस की सुविधा उपलब्ध हो। आगामी समय में शहर में करीब 20 रूटों पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
विकास की नई इबारत लिख रहा कोटा
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला के नेतृत्व में विकास की नई इबारत लिख रहा है। लोकसभा अध्यक्ष जनता की मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति के विजन के साथ लगातार काम कर रहे हैं।
इससे पूर्व कोटा बस सर्विस लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक पीयूष समारिया ने अतिथियों का स्वागत किया। नगर निगम आयुक्त एवं केबीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश मेहरा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रामगंजमंडी नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश मेड़तवाल, नगर निगम की उपायुक्त भावना सिंह, धीरज सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
*48 ई-बसें पहुंचीं, 52 और आएंगी*
कोटा बस सर्विस लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एवं जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि कोटा को 100 पीएम ई-बसें आवंटित की गई हैं। इनमें से 48 बसें कोटा पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष 52 बसें भी जल्द आएंगी। जिन बसों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी हो गई है, उनका संचालन मंगलवार से शुरू कर दिया गया है। शेष बसों का रजिस्ट्रेशन पूरा होते ही संचालन शुरू कर दिया जाएगा। सभी 100 बसों के संचालन में आने के बाद शहर के 20 रूट पर पीएम ई-बसों का नेटवर्क उपलब्ध होगा। इससे शहरवासियों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधाजनक और आधुनिक सेवा मिल सकेगी।
*सुविधा के साथ सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम*
कोटा बस सर्विस लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि पीएम ई-बसों में आधुनिक सुविधाओं के साथ यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक बस में 7 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो बस में प्रवेश करने और उतरने वाले यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इन कैमरों को सेंट्रल कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक सीट के नीचे पैनिक बटन की सुविधा दी गई है। किसी यात्री को परेशानी होने अथवा तत्काल सहायता की आवश्यकता होने पर वह पैनिक बटन के माध्यम से मदद मांग सकेगा।
*गर्भवती, दिव्यांग और वरिष्ठजनों के लिए आरक्षित सीटें*
बसों में गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीटें आरक्षित रखी गई हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए बस में हाइड्रोलिक लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है। इसके माध्यम से व्हीलचेयर सहित दिव्यांग यात्री को आसानी से बस में प्रवेश कराया जा सकेगा।