तिलैया सरकारी बस स्टैंड में सोमवार को कचरे के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे बस स्टैंड में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि आग लगने की जगह से कुछ ही दूरी पर कई यात्री बसें और स्कूल बसें खड़ी थीं। अगर आग थोड़ी और फैल जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। धुआं उठता देख बस चालकों ने आनन-फानन में बसों को वहां से हटाया।स्थानीय लोगों ने बताया कि बस स्टैंड में लंबे समय से कचरे का ढेर जमा था, जिसकी सफाई नहीं हो रही थी। उसी कचरे में आग लगने से धुआं दूर-दूर तक फैल गया। स्थानीय लोगों को सांस लेने में भी परेशानी होने लगी।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर फायर ब्रिगेड के पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। वहीं इस घटना के बाद सरकारी बस स्टैंड में सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
Koderma, Kodarma | Nov 16, 2026