शिव चौक हत्याकांड: तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो दिन के पुलिस रिमांड पर
- पुरानी रंजिश में बाइक सवार तीन दोस्तों पर किया था चाकुओं से हमला; उपचार के दौरान राहुल उर्फ फौजी की हुई थी मौत
सिरसा|सिरसा टुडे|
शहर के शिव चौक पर पुरानी रंजिश के चलते चाकुओं से हमला कर युवक की हत्या करने के मामले में सिरसा पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सैम कुमार व सन्नी कुमार निवासी सर्कुलर रोड, शिव चौक सिरसा और सक्षम वर्मा निवासी बेगू रोड सिरसा के रूप में हुई है। अदालत ने तीनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि 27 अक्तूबर की रात बाइक सवार तीन दोस्तों पर शिव चौक के पास कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। हमले में राहुल उर्फ फौजी और अरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तीसरे दोस्त साहिल ने दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। राहुल की हालत गंभीर होने पर उसे बठिंडा एम्स रेफर किया गया, जहां 28 अक्तूबर की देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अरुण कुमार का सिरसा के निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, घायल अरुण कुमार निवासी चतरगढ़ पट्टी ने बयान में बताया कि वह अपने दोस्तों राहुल और साहिल के साथ बाइक पर जा रहा था। शिव चौक के पास कीर्ति नगर निवासी सुजल और अन्य युवकों ने उनका रास्ता रोककर चाकुओं से हमला कर दिया, जिसमें राहुल और अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के संज्ञान में मामला आने के बाद सीआईए सिरसा और शहर थाना पुलिस की टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। घायल के बयान के आधार पर चार नामजद सहित आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ शहर थाना सिरसा में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में साहिल और सुजल के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने बठिंडा एम्स में पोस्टमार्टम करवाने के बाद राहुल का शव परिजनों को सौंप दिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Sirsa, Sirsa | Oct 30, 2026