शिव चौक पर चाकुओं से हमला कर युवक की हत्या करने के 3 आरोपी गिरफ्तार, दो दिन का रिमांड
पुरानी रंजिश में बाइक सवार तीन दोस्तों पर किया था हमला, राहुल उर्फ फौजी की बठिंडा एम्स में उपचार के दौरान हुई मौत; दूसरे घायल का निजी अस्पताल में इलाज जारी
सिरसा।
शहर के शिव चौक पर पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार तीन दोस्तों पर चाकुओं से हमला कर युवक की हत्या करने के मामले में सिरसा पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को वारदात के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैम कुमार पुत्र बंशीलाल और सन्नी कुमार पुत्र राजकुमार निवासी सर्कुलर रोड, शिव चौक सिरसा तथा सक्षम वर्मा पुत्र दीपक निवासी बेगू रोड सिरसा के रूप में हुई है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि 27 अक्टूबर की रात राहुल उर्फ फौजी, अरुण कुमार और साहिल बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान शिव चौक के पास कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में राहुल और अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीसरे दोस्त साहिल ने दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। परिजन दोनों को निजी अस्पताल ले गए, जहां से राहुल को गंभीर हालत में बठिंडा एम्स रेफर किया गया। 28 अक्टूबर की देर रात उपचार के दौरान राहुल ने दम तोड़ दिया। अरुण का सिरसा के निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, घायल अरुण कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी चतरगढ़ पट्टी ने अपने बयान में बताया कि शिव चौक के पास कीर्ति नगर निवासी सुजल और उसके साथियों ने उनका रास्ता रोककर हमला किया था। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर सीआईए सिरसा और शहर थाना पुलिस की टीमें गठित की गईं। अरुण के बयान के आधार पर चार नामजद सहित आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में साहिल और सुजल के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने बठिंडा एम्स में राहुल के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया था। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वारदात में संलिप्त पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Sirsa, Sirsa | Oct 30, 2026