मुरैना पुलिस की बड़ी सफलता: 401 गुम मोबाइल बरामद, कीमत 95 लाख से अधिक
मुरैना। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत गुम मोबाइल फोन की तलाश और बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में मुरैना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विभिन्न स्थानों से 401 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 95 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गुम मोबाइल फोन की शिकायतों पर CEIR पोर्टल के माध्यम से प्राप्त जानकारी के आधार पर साइबर सेल और विभिन्न थाना पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया।
बरामद मोबाइल फोन में Apple, Samsung, OnePlus, Motorola, Vivo, Oppo, Redmi और Realme सहित विभिन्न कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। पुलिस द्वारा बरामद किए गए मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंपे जा रहे हैं।
मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद छात्र-छात्राओं, मजदूरों, किसानों, निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों और गृहणियों सहित अलग-अलग वर्ग के लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल गुम मोबाइल फोन की बरामदगी नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का तकनीकी माध्यमों से समाधान कर पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना भी है।
Gwalior Gird, Gwalior | Sep 11, 2026