दून पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी पर्व
दून पब्लिक स्कूल में वीरवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व जन्माष्टमी श्रद्धा, उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर कृष्णमय हो उठा। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण एवं राधा की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को मनमोहक ढंग से प्रस्तुत किया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदन अग्नि, आकाश, पृथ्वी और जल ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने टीम भावना, जोश और उत्साह का परिचय देते हुए मटकी फोड़ने का प्रयास किया और अंत में मटकी फोड़कर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को जीवंत कर दिया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में अग्नि और पृथ्वी सदन विजयी रहे। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनीता शर्मा ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, प्रेम, कर्म, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।विद्यालय के चेयरमैन के. के. गर्ग एवं चेयरपर्सन सुधा गर्ग,डायरेक्टर डॉ. विवेक शर्मा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समस्त स्टाफ को जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सहयोग, अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं।उप प्राचार्या कुसुम मित्तल ने भी सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ दीं और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों एवं उत्साह की सराहना की। इस आयोजन में प्राचार्या डॉ. अनीता शर्मा, उप प्राचार्या कुसुम मित्तल नेहा सिंगला, रामपाल सर , सतविंदर सर, प्रदुमन सर समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।