#बालाघाट
टीएल बैठक में हुई समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा
28 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा (टीएल) बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने समय सीमा संबंधी प्रकरणों की समीक्षा कर उनके निराकरण के निर्देश दिये। बैठक में उर्वरक वितरण एवं उपलब्धता, लंबित राजस्व प्रकरण, सड़क एवं पुल निर्माण, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सीएम हेल्पलाइन के मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, श्री एमआर कोल, श्री यादव, एसडीएम श्री गोपाल सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
उर्वरक वितरण पर विशेष जोर
कलेक्टर श्री मीना ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को ई-टोकन के माध्यम से बिना किसी परेशानी के उर्वरक मिलना चाहिए। बैठक में बताया गया कि जिले में वर्तमान में 8,571 मीट्रिक टन यूरिया, 64 मीट्रिक टन डीएपी तथा 7,534 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। कलेक्टर श्री मीना ने कटंगी और लांजी के एसडीएम को नजूल से संबंधित लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राजस्व मामलों के निपटारे में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
सड़क और ओवरब्रिज निर्माण कार्यों की समीक्षा
बैठक में गर्रा रोड ओवरब्रिज पर प्रकाश व्यवस्था का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि 45 दिनों के भीतर 70 विद्युत पोल स्थापित कर ओवरब्रिज तथा सर्विस रोड पर प्रकाश व्यवस्था पूरी कर दी जाएगी। वहीं भटेरा रोड ओवरब्रिज का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने और डायवर्सन रोड की मरम्मत दो दिनों में पूरी कर 30 जुलाई से यातायात शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए।
लाड़ली लक्ष्मी और स्कूल भवनों के उपयोग पर निर्देश
कलेक्टर श्री मीना ने निर्देश दिए कि जिन बालिकाओं की लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति आधार अपडेट नहीं होने के कारण रुकी हुई है, उनका आधार अपडेट जल्द कराया जाए। साथ ही सांदीपनि विद्यालयों के विलय के बाद रिक्त हुए स्कूल भवनों का अन्य विभागों द्वारा उपयोग सुनिश्चित करने के लिए सभी एसडीएम को परीक्षण करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और शौचालय निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिला आपूर्ति अधिकारी को राशन हितग्राहियों की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने तथा श्रम विभाग, जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों को प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में अधिक से अधिक पात्र लोगों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए।
धीमी प्रगति पर अधिकारियों को चेतावनी
कुसुम-बी योजना के अंतर्गत सोलर पंप स्थापना में प्रगति नहीं होने पर अक्षय ऊर्जा अधिकारी को एक सप्ताह में सुधार लाने, अन्यथा वेतन रोकने की चेतावनी दी गई। कामधेनु योजना में ऋण स्वीकृति की धीमी प्रगति पर उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाओं तथा उद्यानिकी विभाग की योजनाओं में धीमी प्रगति पर सहायक संचालक को भी सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से अधिकाधिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया गया।
रपटो एवं पुल पुलियाओं पर पानी होने पर कोई भी पार न करें
बैठक में 27 जुलाई को किरनापुर क्षेत्र के ग्राम पिपलगांव कला और कोसमारा के बीच रपटे को पार करते समय पंचायत सचिव की पानी में बहने से हुई मृत्यु की घटना पर गंभीर चर्चा हुई। कलेक्टर श्री मीना ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की महाप्रबंधक को रपटे पर बैरिकेडिंग नहीं कराने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं किरनापुर एसडीएम को ड्यूटी से अनुपस्थित कोटवार के विरुद्ध सेवा भूमि वापस लेने और निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों और एसडीएम को निर्देशित किया गया कि बारिश के दौरान पुल-पुलियों और रपटों पर पानी होने की स्थिति में लोगों को किसी भी हाल में पार नहीं करने दिया जाए तथा पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी पर सख्ती
बैठक में सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मीना ने सभी अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी की लापरवाही से जिले की ग्रेडिंग प्रभावित होने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mprevenudeptt #schooledump #mpurbandeptt #mp_wcdmp