#बालाघाट
कलेक्टर ने कृषि एवं जनजातीय कार्य विभाग की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समक्ष में की सुनवाई
शासकीय ट्रेक्टर ट्राली बेचने पर एफआईआर के निर्देश
कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने मंगलवार 28 जुलाई को कृषि एवं जनजातीय कार्य विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन की 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समक्ष में सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करते हुए पात्र मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के साथ प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
सुनवाई के दौरान वारासिवनी तहसील के ग्राम कायदी निवासी जितेन्द्र की शिकायत पर कलेक्टर ने गंभीर रुख अपनाया। शिकायत में बताया गया था कि कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के अंतर्गत ग्राम के आत्मा समूह को उपलब्ध कराए गए पावर ट्रैक्टर एवं ट्रॉली में से ट्रॉली को समिति के अध्यक्ष योगराज चौरावार द्वारा बेच दिया गया, जिससे किसानों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री मीना ने उप संचालक कृषि को संबंधित समिति अध्यक्ष के विरुद्ध थाना में एफआईआर दर्ज कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
किरनापुर विकासखंड के ग्राम सेवती निवासी चेतराम बहेकार द्वारा वर्ष 2025-26 में चना बीज पर अनुदान राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत पर उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि अनुदान राशि के भुगतान की प्रक्रिया जारी है। शासन से बजट प्राप्त होते ही बीज प्रदाय करने वाली बोलगांव सोसायटी को राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। इस जानकारी के आधार पर शिकायत के निराकरण के निर्देश दिए गए।
खैरलांजी विकासखंड के ग्राम गजपुर की बीज उत्पादक समिति के होलूराम पटले की वर्ष 2019 में कृषि विभाग को 35 क्विंटल धान बीज प्रदाय करने के बाद 01 लाख 45 हजार 665 रुपये के भुगतान नहीं होने संबंधी शिकायत की भी सुनवाई हुई। जांच में पाया गया कि बीज प्रदाय के संबंध में वर्क ऑर्डर एवं संबंधित अधिकारी को बीज सौंपने का कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया है। कलेक्टर श्री मीना ने शिकायतकर्ता को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने पर नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही और शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनजातीय कार्य विभाग से संबंधित प्रकरणों में तिरोड़ी तहसील के ग्राम कोसुम्बा निवासी आकाश ने अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर कलेक्टर श्री मीना ने सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को प्रकरण की जांच कर पात्र पाए जाने पर शीघ्र प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा छात्रवृत्ति भुगतान से संबंधित दो शिकायतों की भी समक्ष में सुनवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया जारी है और पात्र विद्यार्थियों के खातों में शीघ्र ही राशि जमा कर दी जाएगी। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में प्रभावी एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #WelfareTribal #minmpkrishi
3 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 28, 2026