#बालाघाट
कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि, एसएसपी महाविद्यालय में मनाया गया कारगिल विजय दिवस
शासकीय शंकर साव पटेल महाविद्यालय, वारासिवनी में एनसीसी इकाई एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी वीरता, साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन किया गया।
आयुक्त उच्च शिक्षा के निर्देशानुसार तथा 6 म.प्र. बटालियन एनसीसी, बालाघाट के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत कमल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.एस. गेड़ाम ने की। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. हेमन्त कुमार मण्डाले ने किया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. गेड़ाम ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मनों से अपनी भूमि को पुनः हासिल किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा केवल सेना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है और सभी को राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए। वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक डॉ. रक्षा निकोसे ने अपने संबोधन में कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों की शहादत से आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहना चाहिए।
एनएसएस अधिकारी श्री कृष्णा पराते ने कैडेट्स एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक युवा का कर्तव्य है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को कारगिल विजय पर आधारित एक प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।
कार्यक्रम में क्रीड़ा अधिकारी श्री विकास साहू सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। आयोजन में अंडर ऑफिसर कृष नेवारे, क्वार्टर मास्टर प्रफुल्ल गोटेकर, सीपीएल आयुषी राहंगडाले, सीनियर कैडेट सुरभि मिश्रा सहित लगभग 30 एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के तकनीकी सहयोग में कैडेट कृष्णा वंजारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #HigherEducation #KargilVijayDiwas
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 28, 2026