#बालाघाट
डायरिया रोको अभियान के तहत पीएचई विभाग ने जल स्रोतों की जांच कर स्वच्छता का दिया संदेश
जिले में जलजनित बीमारियों की रोकथाम एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा 'डायरिया रोको अभियान' प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत वारासिवनी विकासखंड के ग्राम कौलीवाड़ा एवं कटंगटोला में जल स्रोतों की गुणवत्ता की जांच, स्वच्छता जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उइके के निर्देशन में पीएचई विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत, आंगनवाड़ी केंद्र एवं विद्यालयों का भ्रमण किया। इस दौरान पीएमयू समन्वयक शीतल मिश्रा एवं हरीश झा तथा ब्लॉक समन्वयक प्रतांशी पाठक, शुभम सहारे आई एस ए फील्ड समन्वयक, फनीश रंगारे एवं रानी सिंह राजपूत ने ग्रामीणों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति में विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया।
एफटीके किट से हुई पेयजल की गुणवत्ता की जांच
भ्रमण के दौरान टीम ने फील्ड टेस्ट किट (FTK) के माध्यम से पेयजल स्रोतों की रासायनिक गुणवत्ता की जांच की। साथ ही ग्रामीणों को स्वयं एफटीके किट का उपयोग कर पानी की जांच करने का प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि वे दूषित पानी की पहचान कर सुरक्षित पेयजल का उपयोग कर सकें।
हाथ धोने के छह चरणों की दी जानकारी
अभियान के दौरान स्वच्छता को बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय बताते हुए टीम ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को हैंड वॉश के छह चरणों का प्रदर्शन कर सही तरीके से हाथ धोने की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि भोजन बनाने और खाने से पहले तथा शौच के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोना डायरिया जैसी जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए अत्यंत आवश्यक है।
स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई अपनाने की अपील
पीएचई विभाग की टीम ने ग्रामीणों से हमेशा स्वच्छ, शुद्ध एवं ढका हुआ पानी पीने तथा जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि किसी जल स्रोत के आसपास गंदगी दिखाई दे तो उसकी तत्काल सफाई कराएं। विभाग का कहना है कि स्वच्छ पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता और जनजागरूकता के माध्यम से ही डायरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minphemp #healthminmp
9 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 28, 2026