कपाल मोचन मेले में सूफी नाइट के दौरान शमशेर सिंह लहरी ने अपनी गायकी से बांधा समां
मुख्य सांस्कृतिक मंच पर धार्मिक एवं सूफी गायकी की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध, 22 नवंबर को होगा ‘हिंद दी चादर’ कार्यक्रम, 23 नवंबर को गतका, ड्रोन, लाइट एवं साउंड शो रहेगा आकर्षण का केंद्र
व्यासपुर/यमुनानगर, 21 नवंबर। मेला श्री कपाल मोचन श्री आदि बद्री मेला में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मुख्य सांस्कृतिक मंच पर सूफी नाइट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध धार्मिक एवं सूफी गायक शमशेर सिंह लहरी ने अपनी शानदार गायकी से समां बांध दिया। उन्होंने अपनी सूफियाना शैली में धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी गायकी में भक्ति, आध्यात्मिकता और सूफी संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकार का उत्साहवर्धन किया।
मेला कपाल मोचन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध सूफी गायक शमशेर सिंह लहरी ने अपनी शानदार गायकी से ऐसा समां बांधा कि पूरा मेला परिसर सूफियाना रंग में रंग गया। उनकी मधुर आवाज, भावपूर्ण गायन और सूफी संगीत की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शमशेर सिंह लहरी ने अपनी सुरीली आवाज के माध्यम से सूफी परंपरा, आध्यात्मिकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकार का उत्साहवर्धन किया।
मेला कपाल मोचन में आयोजित इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम न केवल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देते हैं, बल्कि विभिन्न समुदायों के बीच प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं। संगीत, भाषा और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर लोगों को जोडऩे का सशक्त माध्यम है। कपाल मोचन मेला केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि हरियाणा की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और पारंपरिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिल रहा है।
मेले के आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 22 नवंबर को मुख्य सांस्कृतिक मंच पर ‘हिंद दी चादर’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को दर्शाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
इसी कड़ी में 23 नवंबर को मेले में गतका प्रदर्शन के साथ ड्रोन शो तथा लाइट एवं साउंड शो का आयोजन किया जाएगा। इन विशेष प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को रोमांचक, तकनीकी और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा अनुभव देखने को मिलेगा। गतका प्रदर्शन में पारंपरिक युद्ध कला का प्रदर्शन होगा, वहीं ड्रोन और लाइट एवं साउंड शो मेले की रौनक को और बढ़ाएंगे। मेले में प्रतिदिन आयोजित हो रहे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन आयोजनों के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
बाक्स:- मेला श्री कपाल मोचन श्री आदि बद्री में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिला सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग जींद की भजन पार्टी बलजीत एण्ड पार्टी ने अपने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं का भरपूर मनोरंजन करते हुए कहा कि गीत, भजन, आल्हा, रागनी आदि हमारी हरियाणवी संस्कृति के प्रतीक है। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण के बाल्यकाल का भजन यशोदा थारो लाल मनें पीटना पड़ेगा, गुजरिया के साथ बेहतरीन प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इसी मंच पर करनाल की ड्रामा पार्टी के कलाकार गुलाब सिंह ने हरियाणवी व पंजाबी भजन व गीत के माध्यम से सिख श्रद्धालुओं का मन प्रसन्न किया।