भटियात में 600 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे मुख्यमंत्री सुक्खू: कुलदीप पठानिया
मगन्यूई-रुडबा और रैना-बलेरा संपर्क मार्गों का विधानसभा अध्यक्ष ने किया शिलान्यास, अन्य विकास कार्यों की भी दी जानकारी
चुवाड़ी, 10 अक्टूबर। सुरेंद्र ठाकुर
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द ही भटियात विधानसभा क्षेत्र के प्रस्तावित प्रवास के दौरान 600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विभागीय विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष शनिवार को ककीरा कस्बे के अंतर्गत ग्राम पंचायत जरेई में 89 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले मगन्यूई-रुडबा संपर्क मार्ग का भूमि पूजन करने के बाद वैरियां गला में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मिनी सचिवालय, सिविल कोर्ट और सर्किट हाउस सहित कई परियोजनाएं होंगी शामिल
कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भटियात दौरे के दौरान मिनी सचिवालय, सिविल कोर्ट, सर्किट हाउस तथा पेयजल, सिंचाई, विद्युत, शिक्षा और स्वास्थ्य विभागों से संबंधित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
11 सड़क परियोजनाओं पर चल रहा काम
विधानसभा अध्यक्ष ने ककीरा, घटासनी, तारागढ़ और आसपास की पंचायतों में सड़क निर्माण, सर्वेक्षण तथा पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित 11 सड़क परियोजनाओं में से चार को वन अधिकार अधिनियम (FRA) के तहत स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि भटियात की भौगोलिक परिस्थितियों और जलवायु को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से संपर्क मार्गों का निर्माण करवाया जा रहा है। सड़क निर्माण में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और टिकाऊपन को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि क्षेत्र में हर मौसम में सड़क संपर्क सुनिश्चित किया जा सके।
रैना-बलेरा सड़क पर खर्च होंगे 69 लाख रुपये
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम पंचायत नैनीखड़ के अंतर्गत रैना-बलेरा संपर्क सड़क का भी शिलान्यास किया। रैना गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण पर 69 लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान रखा गया है।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर घटासनी-लाहडू संपर्क मार्ग को नैनीखड्ड तक विस्तारित करने की घोषणा की। साथ ही ढुडियारा बंग्ला में खेल मैदान के निर्माण का आश्वासन भी दिया।
महिला मंडलों को 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा
कुलदीप सिंह पठानिया ने महिला मंडल भड़ेला, मगन्यूई-रुडबा, रैना और केहलू को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने जनसभाओं के दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए।
इस अवसर पर राज्य वन निगम के सदस्य निदेशक चेला कृष्ण चंद्र, राज्य सहकारी बैंक के राजकुमार चंबियाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय कंवर, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष तरुण मल्होत्रा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र चाढक, ग्राम पंचायत जरेई के प्रधान संदीप थापा, नैनीखड्ड के प्रधान संजीव ठाकुर, एसडीएम मनीष सोनी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर, वन मंडल अधिकारी डॉ. कुलदीप जमवाल, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता पंकज राठौर, नरेंद्र चौधरी, राकेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Tribal Live News आपकी आवाज, सच के साथ
#Bhattiyat #KuldeepSinghPathania #SukhvinderSinghSukhu #HimachalPradesh #DevelopmentNews
Chamba, Chamba | Oct 10, 2026