सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित
________________
विधि विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं न्याय व्यवस्था में युवाओं की भूमिका पर रखे विचार
________________
विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में कार्य करने एवं संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का दिलाया संकल्प
________________
खरगोन 21 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन में ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर विशेष भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजयसिंह मण्डलोई के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की संयोजक सुश्री तृप्ति सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए शिक्षा, रोजगार, तकनीकी विकास, सामाजिक समानता, सुशासन, आत्मनिर्भरता तथा कानून के शासन को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
भाषण प्रतियोगिता में विधि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विधि एवं न्याय के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका, नागरिक कर्तव्यों, सामाजिक सेवा तथा राष्ट्र निर्माण में कानून के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में कार्य करने, समाज के कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने तथा संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री चन्द्रभान त्रिवेदी, श्री पी.एस. रावत, श्री सत्यम निंगवाल (क्रीड़ा अधिकारी), श्री पप्पू लाल जमरा (ग्रंथपाल), श्री राजेश बालके, श्री प्रकाश बघेल, श्री महेश कलमें, श्री सदाशिव कलमें सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान