‘माँ तुझे प्रणाम’ योजना के तहत शहडोल संभाग के 70 युवाओं ने किया महेश्वर भ्रमण
________________
युवाओं ने नर्मदा तट, महेश्वर किला सहित ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का किया अवलोकन
________________
ऐतिहासिक विरासत से रूबरू होकर युवाओं ने जाना मध्यप्रदेश का गौरवशाली इतिहास और संस्कृति
________________
खरगोन 21 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की महत्वाकांक्षी योजना ‘माँ तुझे प्रणाम’ के अंतर्गत शहडोल संभाग के चयनित 70 युवाओं को ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगरी महेश्वर का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान युवाओं ने महेश्वर की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना और मध्यप्रदेश की समृद्ध परंपराओं से परिचित हुए।
युवाओं ने माँ नर्मदा के पावन तट, महेश्वर किला सहित विभिन्न ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें महेश्वर के गौरवशाली इतिहास, कला-संस्कृति, धार्मिक महत्व तथा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों की जानकारी दी गई। युवाओं ने स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं को भी जाना और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के महत्व को समझा।
जिला खेल अधिकारी श्रीमती पवी दुबे ने बताया कि ‘माँ तुझे प्रणाम’ योजना का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के साथ-साथ प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का अनुभव कराना है। योजना के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और प्रदेश की विरासत के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
महेश्वर भ्रमण के दौरान युवाओं ने इस अनुभव को अपने जीवन का यादगार अवसर बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण से उन्हें अपने प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत को समझने तथा उसके प्रति गौरव की भावना विकसित करने का अवसर मिलता है।
#JansamparkMP #khargone