नशे के खिलाफ नुक्कड़ नाटक और गीत से गूंजा जागरूकता का संदेश
________________
क्रीड़ा परिसर छात्रावास में विद्यार्थियों को बताए नशे के दुष्परिणाम
________________
विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज को जागरूक करने की ली शपथ
________________
खरगोन 21 सितंबर 2026। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत मेरा युवा भारत, खरगोन द्वारा मेनगांव स्थित क्रीड़ा परिसर छात्रावास में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेरा युवा भारत खरगोन के जिला युवा अधिकारी श्री कुशांगसिंह चौहान के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों तथा इससे होने वाले स्वास्थ्य एवं सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रो. संजय कोचक की टीम द्वारा नशामुक्ति विषय पर आधारित गीत एवं नुक्कड़ नाटक की प्रभावी प्रस्तुति दी गई। गीत और नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ ही अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नशामुक्ति के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने सहभागिता करते हुए नशे के खिलाफ अपना समर्थन दर्ज कराया। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
#JansamparkMP #khargone