जिला पदाधिकारी ने 34 अपील मामलों की सुनी शिकायतें, कई मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन
सासाराम (रोहतास)। जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने शनिवार को लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत द्वितीय अपील के 31 तथा सेवा शिकायत निवारण के 3, कुल 34 अपील मामलों की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, प्रभारी कार्यपालक अभियंता (लघु सिंचाई), अग्रणी बैंक प्रबंधक, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम एवं बिक्रमगंज, चकबंदी पदाधिकारी शिवसागर व करगहर, भूमि सुधार उपसमाहर्ता डेहरी तथा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सुनवाई के दौरान सत्यनारायण पासवान, फुलेन्द्र प्रसाद पासवान, प्रमोद प्रसाद, कॉमरेड कॉर्लिन सर्वहारा, सुदर्शन बिंद, श्याम सुंदर तिवारी, श्याम लाल राम, श्रीहरि कुमार, शशिकांत सुलभ, कृष्णानंद चौधरी, मिथिलेश्वर तिवारी, शशि रंजन, संदीप कुमार, मो. नासिर खान, देवेन्द्रनाथ पंडित एवं रीता कुमारी सहित अन्य परिवादियों की शिकायतों का निराकरण कर मामलों का निष्पादन किया गया। शेष मामलों में संबंधित लोक प्राधिकारों को अगली निर्धारित तिथि पर अनुपालन प्रतिवेदन के साथ उपस्थित होने तथा लंबित परिवादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।