पुलिस वाहन की टक्कर से राहगीर की मौत, चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं : रोहतास एसपी
रोहतास जिले के चेनारी थाना के पुलिस वाहन की टक्कर से एक राहगीर की मौत हो गई। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर चालक के शराब के नशे में होने की चर्चा के बीच रोहतास पुलिस अधीक्षक ने आधिकारिक बयान जारी कर इसे खारिज किया है।
एसपी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल पुलिस वाहन को जब्त कर लिया गया है। चालक का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट और ब्लड सैंपल लिया गया है। प्रारंभिक जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों से आवेदन प्राप्त कर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। साथ ही प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। एसपी ने कहा कि यह घटना परिजनों के साथ-साथ रोहतास पुलिस के लिए भी अत्यंत मर्माहत करने वाली है और पुलिस विभाग इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि पूरे मामले की पारदर्शी, निष्पक्ष एवं विधि-सम्मत जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।